Chandigarh News : अंबेडकर जयंती पर चंडीगढ़ में 14 को सार्वजनिक अवकाश, प्रशासन ने जारी की अधिसूचना
सरकारी दफ्तरों के साथ औद्योगिक संस्थानों में भी रहेगी छुट्टी
Chandigarh News : चंडीगढ़ प्रशासन ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 14 अप्रैल को शहर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में गृह विभाग द्वारा शुक्रवार को विधिवत अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी आदेशों के अनुसार, मंगलवार (14 अप्रैल) को शहर के तमाम सरकारी दफ्तरों और संस्थानों में कामकाज बंद रहेगा।
सरकारी दफ्तरों के साथ औद्योगिक संस्थानों में भी रहेगी छुट्टी
प्रशासन के गृह सचिव मनदीप सिंह बराड़ की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल प्रशासनिक कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा। चंडीगढ़ प्रशासन के अधीन आने वाले सभी बोर्डों, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ औद्योगिक संस्थानों (Industrial Establishments) में भी इस दिन छुट्टी रहेगी। प्रशासन ने यह निर्णय 30 दिसंबर 2025 को जारी अपने वार्षिक कैलेंडर में आंशिक संशोधन करते हुए लिया है।
बैंकों और वित्तीय संस्थानों पर भी लागू होगा फैसला
यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत घोषित किया गया है, जिसके चलते 14 अप्रैल को चंडीगढ़ के सभी बैंक और वित्तीय संस्थान भी बंद रहेंगे। गृह विभाग ने इस अधिसूचना की प्रतियां सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को भेज दी हैं ताकि आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। 14 अप्रैल को मंगलवार होने के कारण सरकारी कर्मचारियों को लगातार छुट्टियों का लाभ भी मिल सकता है।

