Chandigarh News : पंचकूला के सेक्टर-28 में सड़कों से सुरक्षा तक, विकास कार्यों पर मंथन
आरडब्ल्यूए की आम सभा में पार्कों के रखरखाव, सफाई, सीसीटीवी और स्कूल की सुविधा की मांग उठी
Chandigarh News : सेक्टर-28 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की आम सभा की बैठक रविवार को हुई। इसमें सेक्टर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सदस्यों ने संबंधित विभागों से समस्याओं का जल्द समाधान करवाने की मांग की।
सड़कों, पार्कों और सफाई व्यवस्था पर जोर
बैठक में सेक्टर की सड़कों की मरम्मत, पार्कों के उचित रखरखाव, आवारा कुत्तों और पशुओं की रोकथाम तथा सफाई व्यवस्था में सुधार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने खाली पड़े प्लाटों की नियमित सफाई करवाने की मांग की, ताकि गंदगी और मच्छरों की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
बारिश के दौरान सड़कों और गलियों में जलभराव तथा गंदगी की समस्या पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने संबंधित विभाग से बरसात के दौरान और उसके बाद रोड व गलियों की विशेष सफाई करवाने की मांग की। सफाई मित्रों से जुड़ी समस्याओं पर भी विचार किया गया।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और स्कूल की मांग
सेक्टर की सुरक्षा को लेकर आरडब्ल्यूए ने चारों तरफ और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी। सदस्यों के अनुसार इससे असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। बैठक में लड़कियों के लिए सेक्टर में 12वीं कक्षा तक स्कूल की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा सेक्टर में मंदिर निर्माण के लिए जगह उपलब्ध करवाने को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने की अपील की, ताकि सेक्टर की समस्याओं को सामूहिक रूप से संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जा सके।
बैठक में प्रधान जसवीर सिंह गोयत, वरिष्ठ उपप्रधान सतीश कुमार, वरिष्ठ उपप्रधान कमलजीत सिंह, महासचिव धर्म सिंह, कोषाध्यक्ष नरेश अहलावत, अधिवक्ता अरविंद कुमार यादव, सचिव नीरज वधवा, सह सचिव रचना शर्मा सहित उजागर सिंह, सुभाष चंद्र, राजबीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, अमित कुमार, विशाल कुमार और चमनलाल मौजूद रहे।

