Chandigarh News : सेक्टर-32 के हनुमान मंदिर में गूंजे राम-सीता विवाह के जयकारे, श्रद्धालु हुए भावविभोर
हनुमान मंदिर, राम-सीता विवाह, Chandigarh News, चंडीगढ़ खबर, चंडीगढ़ न्यूज
Chandigarh News : शहर के सेक्टर-32ए स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में चल रही श्री रामचरितमानस कथा के छठे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं ने राम-सीता विवाह के प्रसंग का रसपान किया। श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री शैलेन्द्र पराशर जी के मुखारविंद से विवाह का रोचक प्रसंग सुनकर प्रांगण में मौजूद भक्त भक्ति और भावपूर्ण रस में पूरी तरह डूब गए।
प्राचीन श्री हनुमान मंदिर कमेटी और महिला संकीर्तन मंडली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कथा में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। छठे दिन की कथा में भगवान राम और माता सीता के विवाह का वर्णन बेहद सजीव तरीके से किया गया। विवाह प्रसंग के दौरान पूरा मंदिर प्रांगण राम नाम के जयकारों से गूंज उठा।
21 मई तक चलेगी कथा
प्रबंधक कमेटी के अनुसार, यह धार्मिक अनुष्ठान 21 मई (वीरवार) तक चलेगा। मंदिर प्रांगण में रोजाना दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार की कथा के समापन पर प्रभु की भव्य आरती की गई, जिसके उपरांत सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

