Chandigarh News : प्रशासक की नाराजगी के बाद एक्शन में चंडीगढ़ पुलिस, गैंगस्टरों के खात्मे के लिए बनाई AGTF
इन दो जांबाज इंस्पेक्टरों के कंधों पर जिम्मेदारी
Chandigarh News : चंडीगढ़ में हाल ही में हुई गोलीबारी और हत्या की सनसनीखेज घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आ गया है। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया की सख्त नाराजगी के बाद पुलिस ने पंजाब की तर्ज पर अपनी विशेष 'एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स' (AGTF) का गठन कर दिया है। शहर को अपराध मुक्त करने और गैंगस्टरों पर नकेल कसने के लिए इस स्पेशल फोर्स की कमान पुलिस महकमे के दो तेजतर्रार इंस्पेक्टरों को सौंपी गई है।
इन दो जांबाज इंस्पेक्टरों के कंधों पर जिम्मेदारी
चंडीगढ़ की इस नई एजीटीएफ में इंस्पेक्टर हरिंदर सेखों और इंस्पेक्टर सतेंद्र दुहान को अहम जिम्मेदारी दी गई है। इंस्पेक्टर सेखों इससे पहले शहर की चर्चित तनिष्क डकैती और कई बड़े गैंगस्टरों को पकड़ने में अपनी महारत साबित कर चुके हैं। वहीं, क्राइम ब्रांच में सेवाएं दे चुके इंस्पेक्टर सतेंद्र दुहान ने पिछले लगभग दो सालों में हत्या और गोलीबारी की कई बड़ी वारदातों को अकेले दम पर सुलझाया है। इन दोनों इंस्पेक्टरों के नेतृत्व में 15-15 कर्मचारियों की टीमें तैनात की जाएंगी। गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए इन्हें 'फ्री हैंड' दिया गया है।
डीजीपी करेंगे सीधी मॉनिटरिंग, कोताही पर होगी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, इस टास्क फोर्स की कार्यप्रणाली और परफॉर्मेंस की सीधी मॉनिटरिंग चंडीगढ़ के डीजीपी, आईजीपी और डीआईजी राजीव रंजन द्वारा की जाएगी। टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई भी गैंगस्टर चंडीगढ़ की सीमा में प्रवेश करता है, तो उसे हर हाल में सलाखों के पीछे पहुंचाना होगा। टास्क फोर्स के कामकाज का समय-समय पर कड़ा आकलन किया जाएगा। यदि कोई अपराधी शहर में वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहता है, तो टास्क फोर्स के अधिकारियों पर भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासक की फटकार के बाद तेज हुई हलचल
गौरतलब है कि हाल ही में सेक्टर-9 में हुई चीनी कुवेडी की हत्या और उससे ठीक एक दिन पहले पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में हुई गोलीबारी ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इन घटनाओं के बाद प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने गहरी निराशा जताते हुए स्पष्ट कहा था कि इतने छोटे से शहर में गैंगस्टरवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासक की इसी फटकार के बाद पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस ने फील्ड में गश्त बढ़ा दी है और जगह-जगह नाके लगाए जा रहे हैं। चर्चा यह भी है कि जल्द ही 'जीरो परफॉर्मेंस' वाले कई थाना प्रभारियों (SHO) पर भी गाज गिर सकती है।

