Chandigarh News : चंडीगढ़ प्रशासन ने की जनगणना 2027 की तारीखें घोषित, 16–30 अप्रैल को होगी स्व-गणना
1–30 मई तक घर-घर मकान सूचीकरण
Chandigarh News : भारत की जनगणना 2027 के तहत संघ शासित प्रदेश चंडीगढ़ में स्व-गणना और मकान सूचीकरण कार्यक्रम की तिथियां तय कर दी गई हैं। चंडीगढ़ प्रशासन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए विस्तृत कार्यक्रम सार्वजनिक किया है।
गृह मंत्रालय के अधीन भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना संख्या S.O. 99(E) दिनांक 7 जनवरी 2026 को चंडीगढ़ के असाधारण राजपत्र में पुनः प्रकाशित किया गया है। यह अधिसूचना जनगणना अधिनियम, 1948 और जनगणना नियम, 1990 के नियम 8(iii) के तहत जारी की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
स्व-गणना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक की जाएगी।
मकान सूचीकरण 1 मई से 30 मई 2026 तक पूरे चंडीगढ़ में घर-घर जाकर किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार स्व-गणना की प्रक्रिया मकान सूचीकरण से पहले पूरी की जाएगी, ताकि नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकें। इसके बाद गणनाकार निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से प्रत्येक घर का विवरण एकत्र करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है और केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाती है।
निवासियों से अपील की गई है कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय सहयोग दें, क्योंकि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों का आधार होते हैं।

