चंडीगढ़: PGI-PEC मार्ग पर पीएम मोदी के स्वागत वाले होर्डिंग फाड़े, भाजपा ने कार्रवाई की मांग उठाई
भाजपा उपाध्यक्ष देवेंद्र बबला बोले- डीसी निशांत यादव को देंगे शिकायत; CCTV लगे होने के बावजूद नहीं शरारती तत्वों ने फाड़े होर्डिंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया चंडीगढ़ दौरे के दौरान उनके स्वागत के लिए लगाए गए होर्डिंग शरारती तत्वों द्वारा फाड़ दिए गए। यह घटना PGI-PEC मार्ग पर सामने आई है। मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र बबला ने कहा कि वह इस मामले को लेकर उपायुक्त (डीसी) निशांत यादव से बात करेंगे और औपचारिक शिकायत भी सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने भी यह हरकत की है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
नगर निगम और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग लगाए गए थे। PGI-PEC के बाहर पोल पर भी स्वागत संबंधी होर्डिंग लगाए गए थे, जिन्हें अज्ञात शरारती तत्वों ने फाड़ दिया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गत दिवस चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।
बताया जा रहा है कि होर्डिंग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद फाड़े गए। हालांकि जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, इसके बावजूद अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि होर्डिंग किसने फाड़े। भाजपा ने प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की जल्द पहचान करने की मांग की है।

