Chandigarh Heritage Furniture Auction : स्पेन में नीलामी से हटाया गया चंडीगढ़ की धरोहर का फर्नीचर
प्रशासन के त्वरित हस्तक्षेप के बाद 22 जुलाई को बार्सिलोना में प्रस्तावित नीलामी रोकी गई, भारत सरकार और भारतीय दूतावास की भूमिका अहम
Chandigarh Heritage Furniture Auction : चंडीगढ़ की विरासत से जुड़े फर्नीचर की स्पेन के बार्सिलोना में 22 जुलाई को प्रस्तावित नीलामी प्रशासन के त्वरित हस्तक्षेप के बाद रोक दी गई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इसे शहर की धरोहर संरक्षण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देश और मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद के मार्गदर्शन में सचिव संस्कृति डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह ने इस मामले को तत्काल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया था। प्रशासन ने मंत्रालय से कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर नीलामी रुकवाने और धरोहर संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को प्रशासन को सूचित किया कि स्पेन स्थित भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद संबंधित धरोहर फर्नीचर को नीलामी प्रक्रिया से हटा दिया गया है।
स्वामित्व और निर्यात की वैधता पर उठाए थे सवाल
प्रशासन के अनुसार, यह फर्नीचर चंडीगढ़ की प्रतिष्ठित आधुनिक वास्तुकला और संस्थागत विरासत से जुड़ा माना जाता है। प्रशासन ने इसके स्वामित्व, स्रोत (प्रोवेनेंस) और भारत से बाहर ले जाने की वैधता पर गंभीर चिंता जताई थी तथा इसके संरक्षण और वापसी के लिए तत्काल कूटनीतिक कार्रवाई की मांग की थी।
धरोहर वापस लाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे
चंडीगढ़ प्रशासन ने विदेश मंत्रालय, स्पेन स्थित भारतीय दूतावास और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने कहा कि धरोहर फर्नीचर के सत्यापन, उसकी भारत वापसी और संरक्षण के लिए सभी आवश्यक कानूनी, प्रशासनिक और कूटनीतिक कदम आगे भी जारी रखे जाएंगे।

