11वीं दाखिले का नया ट्रेंड: चंडीगढ़ में साइंस-कॉमर्स को पछाड़ आर्ट्स बना छात्रों की पहली पसंद, दाखिले के आंकड़ों में दिखा नया रुझान
14 हजार से ज्यादा आवेदनों में से 8 हजार छात्रों ने चुना कला संकाय; 42 स्कूलों में 85 फीसदी सीटें चंडीगढ़ के छात्रों के लिए आरक्षित
Chandigarh Schools : चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिले की चल रही प्रक्रिया के बीच छात्रों की पहली पसंद के जो ताजा आंकड़े सामने आए हैं, वे एक नया रुझान दिखा रहे हैं। हमेशा से मेरिट की रेस में सबसे आगे रहने वाले विज्ञान और मेडिकल संकाय इस बार काफी पीछे छूट गए हैं। वहीं, आर्ट्स (कला संकाय) ने भारी बढ़त बनाते हुए सबको हैरान कर दिया है।
इस वेब एक्सप्लेनर के जरिए हम यह समझने का प्रयास करेंगे कि चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में दाखिले को लेकर छात्रों का रुझान किस ओर जा रहा है और इन आंकड़ों के क्या मायने हैं।
आंकड़ों की जुबानी, आर्ट्स की कहानी
दाखिले की इस दौड़ में इस बार चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में आर्ट्स का दबदबा बिल्कुल साफ नजर आ रहा है। शिक्षा विभाग के पास विभिन्न संकायों के लिए आए कुल 14,252 आवेदनों पर नजर डालें, तो 50 प्रतिशत से अधिक छात्रों ने इसी विषय को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है। आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 8,464 छात्रों ने आर्ट्स (कोड-153) का चुनाव किया है।
कॉमर्स की मजबूत पकड़ बरकरार
आर्ट्स के बाद छात्रों का दूसरा सबसे पसंदीदा संकाय वाणिज्य (कॉमर्स) बनकर उभरा है। वाणिज्य संकाय में छात्रों का रुझान बरकरार है और कॉमर्स (कोड-152) के लिए 2,361 छात्रों ने आवेदन किया है।
विज्ञान संकाय में घटी छात्रों की दिलचस्पी
विज्ञान वर्ग की बात करें तो इंजीनियरिंग का रास्ता तय करने वाले नॉन-मेडिकल (कोड-150) संकाय के लिए 2,127 छात्रों ने फॉर्म भरा है। सबसे चौंकाने वाली स्थिति विज्ञान-मेडिकल (कोड-151) को लेकर है। इस संकाय के प्रति छात्रों में सबसे कम उत्साह देखने को मिला है। इसे केवल 1,300 छात्रों ने ही अपनी पहली पसंद बताया है।
डाटा क्लीनिंग और शिकायत निवारण प्रक्रिया
प्रशासनिक स्तर पर यह स्पष्ट किया गया है कि संकाय वार आवेदनों की यह संख्या अभी अंतिम नहीं है। वर्तमान में आवेदनों की 'डाटा क्लीनिंग' की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही, जिन छात्रों को फॉर्म भरने में दिक्कत आई है, उनके लिए शिकायत निवारण का काम भी चल रहा है। यह प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही अंतिम सूची तैयार होगी।
42 स्कूलों में दाखिले की जंग, 85 फीसदी सीटें आरक्षित
चंडीगढ़ के 42 सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा के दाखिले के लिए शिक्षा विभाग ने जून में प्रोस्पेक्टस जारी किया था, जिसके लिए 25 जून तक पंजीकरण प्रक्रिया चली। हाल ही में शिक्षा विभाग की वेबसाइट में आई तकनीकी खराबी के चलते प्रशासन को अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन स्वीकार करने पड़े।
दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से मेरिट पर आधारित है, जो 10वीं कक्षा के पांच मुख्य विषयों के अंकों के आधार पर तय होगी। इन स्कूलों में 85 प्रतिशत सीटें चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों से पास होने वाले छात्रों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। प्रक्रिया के तहत पंजीकरण शुल्क 250 रुपये रखा गया है, जबकि लड़कियों और आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए ट्यूशन फीस पूरी तरह से माफ की गई है।

