Chandigarh SIR 2026 :चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 20 अगस्त तक करा सकेंगे नाम शामिल या संशोधित
नाम नहीं होने पर फॉर्म-6, सुधार के लिए फॉर्म-8 और हटाने के लिए फॉर्म-7 से कर सकते हैं आवेदन
Chandigarh Draft Voter List : निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तीसरे चरण के तहत 01-चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट मंगलवार को जारी कर दी। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने और संशोधन के लिए 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ)-सह-अतिरिक्त उपायुक्त अमनदीप सिंह भट्टी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्हें ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की प्रतियां सौंपी गईं। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, यूटी चंडीगढ़ की वेबसाइट और मतदाता पोर्टल पर भी उपलब्ध है।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी करा सकते हैं पंजीकरण
ईआरओ ने बताया कि जिन नागरिकों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है, वे फॉर्म-6 के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा कर आवेदन कर सकते हैं। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या पूरी करने वाले युवा भी नए मतदाता के रूप में आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों को बताया गया कि दावे और आपत्तियों की सूची हर सप्ताह उनके साथ साझा की जाएगी। साथ ही नागरिक सेवा पोर्टल, सक्षम ऐप, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और 'बुक ए कॉल रिक्वेस्ट विद बीएलओ' सुविधा की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान घोषणा-पत्र जमा नहीं करने वाले या रिकॉर्ड में त्रुटि वाले मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे। सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

