Factory Fire Chandigarh : चंडीगढ़ के दड़वा में बड़ा हादसा: डिब्बा फैक्टरी की आग से 'चंडीगढ़ स्वीट्स' को भारी नुकसान
सोमवार देर रात भड़कीं लपटें; आग बुझाने में जुटे 9 फायर टेंडर, इलाके में मची दहशत
Factory Fire Chandigarh : चंडीगढ़ के गांव दड़वा स्थित मिठाई के डिब्बे बनाने वाली एक फैक्टरी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने फैक्टरी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और साथ सटी 'चंडीगढ़ स्वीट्स' तक पहुंच गई, जिससे वहां भी भारी नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-17, 11, रामदरबार और इंडस्ट्रियल एरिया स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फैक्टरी में गत्ता व अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली, जिस पर काबू पाने के लिए कुल 9 फायर टेंडर लगाने पड़े। घने धुएं से इलाके में दहशत फैल गई, जिसके बाद पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोक दी। मौके पर पहुंचे इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी सतनाम सिंह, डीएसपी रामगोपाल और स्थानीय पार्षद अनिल दुबे ने राहत कार्यों का जायजा लिया।

