Chandigarh Crime: थाने से 100 कदम दूर चोरी, चोरों ने नमकीन व कोल्ड ड्रिंक खा पीकर चार दुकानों को बनाया निशाना
Chandigarh Crime: चंडीगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे पुलिस थाने से महज 100 कदम की दूरी पर भी बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के चोरों...
Chandigarh Crime: चंडीगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे पुलिस थाने से महज 100 कदम की दूरी पर भी बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के चोरों ने बूथ मार्केट की चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि एक दुकान में चोरों ने चोरी से पहले बैठकर नमकीन खाई और कोल्ड ड्रिंक पी, फिर आराम से फरार हो गए।
इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से सामान चोरी
बूथ मार्केट के दुकानदार संजय ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे जब वह अपनी दुकान आनंद इलेक्ट्रॉनिक्स पहुंचे तो ताले टूटे मिले। जांच करने पर टॉर्च, ब्लूटूथ डिवाइस और तारों के बंडल गायब पाए गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 13 से 14 हजार रुपये आंकी गई है।
स्टेशनरी और शू-कैफे भी बने निशाना
चोरों ने पास की शिवा स्टेशनरी के भी दोनों ताले तोड़ दिए, हालांकि अंदर लगे सेंटर लॉक के कारण वे सामान नहीं निकाल सके। वहीं शू-कैफे-34 से चोरों ने करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
पाव भाजी की दुकान में ‘पार्टी’ के बाद चोरी
अष्टविनायक पाव नामक दुकान में चोरों ने ताले तोड़कर न केवल नकदी और सामान चुराया, बल्कि दुकान में रखे खाद्य पदार्थ भी खाए। यहां से करीब 10 हजार रुपये नकद, तीन चाकू, एक टैबलेट और एक मोबाइल फोन चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
गश्त पर उठे सवाल
दुकानदारों के मुताबिक, मार्केट की एक दुकान रात 1 बजे और दूसरी सुबह 4 बजे बंद होती है, जबकि एक दुकान 24 घंटे खुली रहती है। इसके बावजूद चोर बिना किसी डर के वारदात कर निकल गए। व्यापारियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

