Chandigarh Crime : पता पूछने के बहाने लूट, जंगल में झोपड़ी बना रहता था नशेड़ियों का गिरोह; शातिर महिला स्नैचर गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई, ट्राई सिटी में राहगीरों के लिए सिरदर्द बना था गिरोह
चंडीगढ़ के सेक्टर-48 में राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की एक अहम महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो अपने दो पुरुष साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम देती थी। यह गिरोह शहर के बीचों-बीच जंगल में एक झोपड़ी बनाकर छिपा हुआ था और नशे की लत पूरी करने के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था।
ऐसे बिछाते थे लूट का जाल
मोहाली के गांव कंडाला निवासी 21 वर्षीय पिंकू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 17 अप्रैल को जगतपुरा से सेक्टर-46 की तरफ जा रहा था। जब वह सेक्टर-48 लाइट पॉइंट के पास मोटर मार्केट से होते हुए मेन रोड बस स्टॉप पर पहुंचा, तो एक महिला और दो युवक उसके पास आए। तीनों ने उसे रोक लिया और एक पता पूछने लगे।
बातों में उलझाकर महिला पिंकू के पीछे खड़ी हो गई और बड़ी चालाकी से उसकी पिछली जेब से पर्स निकाल लिया। उसी समय सामने खड़े दोनों युवकों ने झपटमारी करते हुए पिंकू के गले से चांदी का लॉकेट और हाथ से रेडमी मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों सेक्टर-48 के जंगल की तरफ फरार हो गए।
जंगल की झोपड़ी में रची जाती थी साजिश
घटना की शिकायत मिलते ही एसएसपी कंवरदीप कौर के दिशा-निर्देशों और सेक्टर-49 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर शेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला को धर दबोचा। उसकी पहचान 26 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव की रहने वाली है और फिलहाल बुड़ैल में रह रही थी।
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह गिरोह नशे का आदी है। इन लोगों ने सेक्टर-50 के जंगल में एक अस्थाई झोपड़ी बनाई हुई थी। ये शाम और रात के समय राहगीरों को अपना शिकार बनाते थे और लूट का माल लेकर वापस जंगल में छिप जाते थे।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने कोमल के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया काले रंग का पर्स बरामद कर लिया है, जिसमें उसका पैन कार्ड, आधार कार्ड और 200 रुपये नकद मौजूद थे। पूछताछ और पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि आरोपी कोमल का आपराधिक इतिहास रहा है।
साल 2023 में भी उसके खिलाफ सेक्टर-34 थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब गिरोह के बाकी दोनों फरार सदस्यों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उनके जल्द पकड़े जाने की उम्मीद है।

