चंडीगढ़ में अब हर माह आएंगे बिजली बिल, देरी से मिले बिलों पर CPDL ने बढ़ाई अंतिम तिथि
Monthly Billing System: CPDL के डायरेक्टर अरुण कुमार वर्मा ने विशेष बातचीत में कहा 17 फरवरी तक भर सकेंगे बिल
Monthly Billing System: चंडीगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने बिजली बिल मिलेगा। जॉइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (JERC) की गाइडलाइंस के तहत चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (CPDL) ने मंथली बिलिंग सिस्टम लागू कर दिया है। हालांकि नए सिस्टम की शुरुआत के साथ कई उपभोक्ताओं को बिल देर से मिलने, कुछ को बिल न मिलने और अकाउंट नंबर बदल जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
CPDL के डायरेक्टर अरुण कुमार वर्मा ने दैनिक ट्रिब्यून के साथ विशेष बातचीत में कहा कि उपभोक्ताओं की दिक्कतों को देखते हुए CPDL ने बिजली बिल जमा करने की अंतिम तिथि 12 फरवरी से बढ़ाकर 17 फरवरी 2026 कर दी है। जनवरी माह का एक महीने का बिल जारी किया गया, लेकिन कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें बिल प्राप्त नहीं हुआ। कुछ मामलों में अकाउंट नंबर बदल जाने से भी भुगतान में परेशानी आई।
वर्मा ने कहा कि तकनीकी कारणों से आई समस्याओं को दूर किया जा रहा है और उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता CPDL की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे के जरिए ऑनलाइन बिल जमा कर सकते हैं। वर्मा ने कहा कि मंथली बिलिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को अपने मासिक खर्चों पर नजर रखना आसान होगा।
349 नियमित कर्मचारी CAT पहुंचे
इसी बीच CPDL के 349 नियमित कर्मचारी कंपनी के खिलाफ केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) में पहुंचे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पेंशन सहित अन्य लाभ नहीं दिए जा रहे। इस मुद्दे पर CPDL के डायरेक्टर अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि कंपनी सभी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं और कर्मचारियों—दोनों के हित कंपनी की प्राथमिकता हैं।

