चंडीगढ़ में ठंड के बीच चढ़ा सियासी पारा, AAP छोड़ BJP में शामिल हुईं पार्षद सुमन शर्मा की जेठानी गिरफ्तार
Chandigarh News: भाजपा ने लगाए राजनीतिक बदले के आरोप
Chandigarh News: चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड के बीच सियासी पारा चढ़ गया है। चंडीगढ़ नगर निगम की वार्ड नंबर-4 की पार्षद सुमन अमित शर्मा की जेठानी कोमल शर्मा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब सुमन शर्मा ने हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा था और 26 जनवरी को मेयर चुनाव प्रस्तावित हैं।
सुमन शर्मा का पार्टी बदलना चंडीगढ़ की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा था, जिसे आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका बताया गया। अब कोमल शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
आरोपः सुबह 6 बजे घर से गिरफ्तारी, परिवार को नहीं दी गई सूचना
मोहाली के सुहाना थाने में दर्ज एक मामले के आधार पर पंजाब पुलिस ने रविवार सुबह करीब 6 बजे चंडीगढ़ के सुभाष नगर स्थित आवास से कोमल शर्मा को गिरफ्तार किया। परिवार का कहना है कि गिरफ्तारी के समय घर के अन्य सदस्य सो रहे थे और परिवार को किसी तरह की पूर्व सूचना नहीं दी गई।
कोमल शर्मा के पति सोनू शर्मा ने बताया कि वह उस समय सुबह की सैर पर गए हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस टीम में वर्दीधारी और सिविल कपड़ों में मौजूद कर्मी शामिल थे, जो बिना किसी नोटिस के कोमल शर्मा को अपने साथ ले गए।
पहले पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड में कर चुकी हैं काम
गौरतलब है कि कोमल शर्मा पहले पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड में कार्यरत रह चुकी हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मामला तेजी से राजनीतिक रंग लेने लगा।
भाजपा का विरोध, मनीमाजरा थाने पहुंचे सैकड़ों नेता
गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जेपी मल्होत्रा सहित सैकड़ों भाजपा नेता और कार्यकर्ता मनीमाजरा थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। नेताओं का कहना है कि सुमन शर्मा के पार्टी बदलने के बाद उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।
‘राजनीतिक दबाव में निर्दोषों को निशाना बनाया जा रहा’
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही, तो पार्टी सड़क से लेकर अदालत तक आंदोलन करेगी।
मेयर चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव
यह पूरा मामला ऐसे समय सामने आया है, जब 26 जनवरी को चंडीगढ़ मेयर चुनाव होने हैं। ऐसे में यह गिरफ्तारी प्रशासनिक कार्रवाई है या राजनीतिक रणनीति इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल मामला राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर गरमाया हुआ है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

