चंडीगढ़ कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय तक निकाला रोष मार्च
उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर रद्द करने की मांग
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय ‘कमलम’ तक रोष मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
मार्च सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन से शुरू होकर सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में कांग्रेस के झंडे और विभिन्न मांगों से संबंधित प्ले कार्ड लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा कार्यालय के पास चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और धरना देकर विरोध जताया। धरने को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों का कथित रूप से दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनहित, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रहे हैं और ऐसे मामलों से वे डरने वाले नहीं हैं।
लक्की ने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के एक कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ की घटना को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना सरकार की कथित दोहरी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में व्यापक जन आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष नंदिता हुड्डा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लोबाना, पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, पार्षद तरुणा मेहता, प्रेम लता व दमनप्रीत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

