CBSE 10th Result: चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों का 10वीं में 88.25% रहा परिणाम, 98.8 फीसदी अंकों के साथ अभय सिंह टॉपर
पिछले साल के मुकाबले पास प्रतिशत में 7.07 की बढ़ोतरी; ट्राई सिटी के 17 स्कूलों का परिणाम 100 फीसदी
CBSE 10th Result: चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस बार कुल पास प्रतिशत 88.25 दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष के 81.18 प्रतिशत के मुकाबले 7.07 प्रतिशत अधिक है। शिक्षा विभाग के अनुसार इस शानदार उपलब्धि ने सरकारी स्कूलों में दी जा रही शिक्षा के बेहतर स्तर को एक बार फिर साबित कर दिया है।
आंकडों में आया बडा उछाल
इस साल 10वीं की परीक्षा में कुल 9356 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 8257 छात्रों ने सफलता हासिल की है। पिछले सत्र में 9781 में से 7940 छात्र ही पास हो सके थे। इस बार 95 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 11 से बढकर 21 हो गई है। वहीं 120 से अधिक छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ट्राई सिटी के स्कूलों के प्रदर्शन की बात करें तो 17 स्कूलों ने 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। 23 स्कूलों का पास प्रतिशत 95 से ऊपर और 10 स्कूलों का परिणाम 90 से 95 प्रतिशत के बीच रहा है।
ट्राई सिटी के इन छात्रों ने किया टॉप
जीएमएसएसएस सेक्टर 33-डी के अभय सिंह ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। जीजीएमएसएसएस सेक्टर 20-बी की सान्वी बिंजोला 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और जीएमएसएसएस सेक्टर 35-डी के विष्णु देव 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अनुज शर्मा ने 97.4 प्रतिशत, रिद्धिमा ने 96.8 प्रतिशत और जयकृत सिंह धनजल ने 96.8 प्रतिशत अंक हासिल कर मेरिट सूची में शानदार जगह बनाई है।
अब 'मिशन 100 प्रतिशत' पर फोकस
चंडीगढ़ के स्कूल शिक्षा निदेशक ने सभी सफल छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि यह बेहतर परिणाम साल भर अपनाई गई विशेष रणनीतियों, रेमेडियल कक्षाओं, निरंतर मूल्यांकन और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का नतीजा है। निदेशक ने कहा कि शिक्षा विभाग अब 'मिशन 100 प्रतिशत' को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जब तक शहर के हर सरकारी स्कूल का परिणाम 100 प्रतिशत नहीं हो जाता, तब तक यह प्रयास लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों की मेहनत की भी विशेष रूप से सराहना की गई है। विभाग ने स्कूली शिक्षा में उत्कृष्टता और नवाचार को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को भी दोहराया है।

