Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

झामपुर में ग्रीन ज़ोन में 40 ढांचे ध्वस्त

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने गांव झामपुर में व्यापक तोड़फोड़ अभियान चलाया। मास्टर प्लान का उल्लंघन कर ग्रीन ज़ोन क्षेत्र में किए जा रहे निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया और बड़ी संख्या में निर्माणाधीन इमारतों के लेंटर गिरा दिए गए। यह कार्रवाई सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और देर शाम तक लगातार जारी रही। कार्रवाई की जानकारी देते हुए गमाडा के एसडीओ हरप्रीत सिंह ने बताया कि मास्टर प्लान में चिन्हित ग्रीन ज़ोन एरिया में लगभग 40 अवैध निर्माणाधीन ढांचे पाए गए। उन्होंने कहा, 'नियमों की अवहेलना कर बनाए जा रहे इन निर्माणों के लेंटर तोड़ दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध निर्माण को रोका जा सके।' उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति या नियमों के खिलाफ निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement

अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बलौंगी पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही। पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। अधिकारियों के अनुसार, अगले सप्ताह दोबारा इलाके में अभियान चलाकर शेष अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है, जबकि नियमों का पालन करने वाले स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि ग्रीन ज़ोन में निर्माण से पर्यावरण और क्षेत्रीय संतुलन पर असर पड़ता है, इसलिए समय रहते कदम उठाना जरूरी था।

Advertisement

दूसरी ओर, पूरे इलाके में कई बिल्डरों द्वारा नाजायज कॉलोनियां काटने और छोटे-छोटे प्लॉट बेचने का मामला भी चर्चा में है। केवल झामपुर ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों में भी अवैध कॉलोनियां बस चुकी हैं। सवाल उठ रहा है कि जब ये कॉलोनियां विकसित हो रही थीं, तब संबंधित अधिकारी कहां थे। कई कॉलोनियों में बिजली के मीटर और पानी के कनेक्शन तक लग चुके हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

Advertisement
×