चंडीगढ़ में फिर बम धमकी से हड़कंप, सिविल व मिनी सचिवालय को E-Mail; पुलिस अलर्ट
Chandigarh Bomb Threat: चंडीगढ़ में वीरवार सुबह एक बार फिर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सिविल सचिवालय सेक्टर-1 और मिनी सचिवालय सेक्टर-9 को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलते ही...
Chandigarh Bomb Threat: चंडीगढ़ में वीरवार सुबह एक बार फिर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सिविल सचिवालय सेक्टर-1 और मिनी सचिवालय सेक्टर-9 को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और दोनों परिसरों को एहतियातन खाली करवा दिया गया।
बताया जा रहा है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह धमकी किसी मॉक ड्रिल का हिस्सा है या फिर वास्तविक। सुरक्षा के मद्देनज़र दोनों जगहों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बुधवार को चंडीगढ़ के करीब 30 स्कूलों को भी ईमेल के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान सभी स्कूलों को तत्काल खाली करवा कर बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया था, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया था।
बुधवार की घटना के अगले ही दिन वीरवार सुबह सचिवालयों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस के साथ-साथ बम निरोधक दस्ता और अन्य संबंधित टीमें मौके पर जांच में जुटी हुई हैं।
चूंकि धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है, इसलिए पुलिस की साइबर सेल भी मामले की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमकी भेजने के पीछे कौन है और क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

