Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

भाजपा ने चार दावेदारों के नाम दिल्ली हाईकमान को भेजे

चंडीगढ़ नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लक्की के आवास पर सांसद एवं अन्य पार्षद।
Advertisement

चंडीगढ़ नगर निगम के 29 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां जोरों पर है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने मेयर पद के 4 दावेदारों के नाम दिल्ली भेज दिए हैं, जहां पार्टी हाईकमान मेयर के उम्मीदवार का नाम तय करेगी। सूत्रों ने बताया कि हाल ही में भाजपा कार्यालय में दिल्ली से पहुंचे प्रदेश प्रभारी ने एक-एक कर सभी पार्षदों की मेयर के नाम को लेकर राय जानी। चर्चा है कि मेयर पद के दावेदारों सौरभ जोशी, दलीप शर्मा, महेश इंद्र सिंह सिद्दू और कंवर राणा के नाम दिल्ली भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य दलों से भाजपा में आए पार्षदों में से ही सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाए जा सकते हैं। जिसके लिए भाजपाई आप के दो और पार्षदों के भी पार्टी में आने के दावे कर रहे हैं। उधर, भाजपा का मेयर बने इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष जतिंद्र मल्होत्रा, वरिष्ठ नेता संजय टंडन, पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद भी अपने स्तर पर प्रयासों में जुटे बताये जा रहे हैं।
Advertisement

आप का कांग्रेस करेगी समर्थन, पार्षदों की बैठक में फैसला

Advertisement

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की के निवास पर सोमवार को कांग्रेस पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी भी उपस्थिति रहे। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी ऐसी किसी भी राजनीतिक पार्टी या गठबंधन का समर्थन करेगी जो भाजपा को हराने में सक्षम हो। यह निर्णय चंडीगढ़ और उसके निवासियों के व्यापक हित में लिया गया है। बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि भाजपा ने चंडीगढ़ की प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। भाजपा के लगातार मेयर और उनके निर्णयों ने शासन और विकास के मोर्चे पर पूरी तरह विफलता दिखाई है, जिससे शहर के निवासी गहरी असंतुष्टि महसूस कर रहे हैं।

चंडीगढ़ में भाजपा का मेयर विफल : आप अध्यक्ष

आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने भाजपा एवं मेयर पर हमला करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में भाजपा के मेयर ने चंडीगढ़ के लिए एक भी ठोस विकास कार्य नहीं किया। पूरे कार्यकाल में विकास पूरी तरह ठप रहा और शहर को केवल घोटालों की सरकार ही मिली। सिंह ने कहा कि मनीमाजरा में सप्ताह के सातों दिन पानी सप्लाई का घोटाला भाजपा की सबसे बड़ी प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के सभी पार्षदों को एमसी हाउस से जबरन बाहर निकाला गया, केवल इसलिए क्योंकि वे जनता के हित में वी -3 सड़कों के निर्माण जैसे बुनियादी मुद्दे उठा रहे थे। सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की जनता के साथ किसी भी प्रकार का धोखा नहीं करेगी। बीजेपी ने सत्ता का खुला दुरुपयोग कर नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है, लेकिन अब चंडीगढ़ की जागरूक जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

Advertisement
×