राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्टता का उदाहरण बना बीईएल पंचकूला, सर्वोच्च ‘विशिष्ट पुरस्कार’ मिला
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), पंचकूला द्वारा पंचकूला सेक्टर-5 स्थित एक होटल में छमाही बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 30 सदस्य कार्यालयों से 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता मुख्य...
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), पंचकूला द्वारा पंचकूला सेक्टर-5 स्थित एक होटल में छमाही बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 30 सदस्य कार्यालयों से 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता मुख्य आयकर आयुक्त एवं नराकास, पंचकूला की अध्यक्ष सुश्री विदिशा कालरा ने की।
इस अवसर पर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बी.ई.एल.), पंचकूला को वर्ष 2024-25 के दौरान राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए नराकास का सर्वोच्च ‘विशिष्ट पुरस्कार’ प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि बी.ई.एल. पंचकूला द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए नराकास, पंचकूला ने “प्रेरणा-स्त्रोत” की अवधारणा के तहत इस नवीन एवं सर्वोच्च श्रेणी के पुरस्कार की घोषणा की है, जिसे अन्य सभी पुरस्कारों से उच्च स्थान दिया गया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार बी.ई.एल. पंचकूला की संगठन प्रमुख एवं महाप्रबंधक श्रीमती दीपा बाजपेई ने ग्रहण किया। इसके अलावा, बी.ई.एल. संगठन के अनीश चौहान और अक्षय लोहट को सर्वश्रेष्ठ राजभाषा अधिकारी के रूप में सम्मानित किया गया।
नराकास द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर नरेश कुमार, धीरज मित्तल, ललित कुमार और श्रीमती रोज़ी सेठी को भी सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में बी.ई.एल. पंचकूला की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने संगठन की सशक्त, प्रभावी और प्रेरणादायी भूमिका की सराहना करते हुए इसे अन्य कार्यालयों के लिए एक आदर्श बताया।

