Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

पंचकूला नगर निगम में वार्डबंदी में अनुसूचित जाति से भेदभाव का आरोप

कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन हुए सक्रिय

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
पंचकूला में रविवार को कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन एवं अन्य प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए। -हप्र
Advertisement
पंचकूला नगर निगम की नई वार्डबंदी को लेकर कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट जाने का दावा किया है। पंचकूला में रविवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और विधायक चंद्रमोहन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वार्डबंदी में अनुसूचित जाति के लोगों के साथ सीधा भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले अनुसूचित जाति के चार वार्ड थे, जिन्हें घटाकर तीन कर दिया गया, जबकि जनसंख्या के अनुपात में यह संख्या चार ही रहनी चाहिए। चंद्रमोहन ने कहा कि वार्ड बंदी इस तरह की गई है कि कई इलाकों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जोड़ दिया गया है। इससे आम लोगों को अपने छोटे-मोटे कार्यों के लिए भी 5 से 6 किलोमीटर दूर पार्षद के पास हस्ताक्षर और अन्य कार्यों के लिए जाना पड़ेगा।

उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में लावारिस कुत्तों, पशुआें और पार्कों-सड़कों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। सड़कों पर गायें कूड़े में मुंह मारती दिखती हैं और लावारिस कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है।

Advertisement

विधायक ने आरोप लगाया कि महीने के अधिकांश दिन मुख्यमंत्री और मंत्री पंचकूला आते हैं, लेकिन इससे शहर को कोई विकास लाभ नहीं मिलता। पुलिस प्रशासन उनकी आवभगत में लगा रहता है और मंत्री केवल पकौड़े खाकर चले जाते हैं। चंद्र मोहन ने कहा कि नगर निगम में उपमहापौर और वरिष्ठ उपमहापौर के चुनाव इसलिए नहीं करवाए गए क्योंकि भाजपा को हार का डर था। चंद्र मोहन ने कहा कि नगर निगम के आने वाले चुनाव में महापौर और अधिकांश पार्षद कांग्रेस के होंगे।

Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवीन बंसल ने कहा कि वार्डबंदी पूरी तरह गलत है और इसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सेक्टर-21 का उदाहरण देते हुए कहा कि यह एक सक्षम वार्ड बन सकता था, लेकिन जानबूझकर इसे दो हिस्सों में बांट दिया गया। एक हिस्सा सेक्टर-4 के साथ और दूसरा सेक्टर-20 व फतेहपुर गांव के साथ जोड़ दिया गया, जिससे एक ही सेक्टर में दो पार्षद हो जाएंगे और जनता असमंजस में रहेगी।

वार्ड नंबर-7 की पार्षद उषा रानी ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में उनके वार्ड के लिए कोई विशेष योजना नहीं लाई गई। कॉलोनी को अवैध बताकर विकास कार्य रोके गए। उन्होंने बताया कि गांव बुढ़नपुर में श्मशान घाट की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसका टेंडर अब पास हुआ है और हाल ही में विधायक चंद्र मोहन ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड में बनी धर्मशाला की चाबी जनता को देने के बजाय सेवा भारती को सौंप दी गई।

विधायक चंद्रमोहन को नहीं बुलाते सरकारी कार्यक्रम में : डॉ. रामप्रसाद

कांग्रेस नेता डॉ. रामप्रसाद ने कहा कि कॉलोनियों में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और नशेड़ी लोगों की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक चंद्र मोहन को सरकारी कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता, जबकि हारे हुए भाजपा प्रत्याशी मंच पर बैठते हैं और उद्घाटन करते हैं। पार्षद संदीप सोही और वार्ड नंबर-15 के पार्षद गौतम प्रसाद ने कहा कि उनके वार्डों में जो भी विकास कार्य हुए हैं, वे उनकी व्यक्तिगत मेहनत से हुए हैं। भाजपा महापौर या पार्टी का इसमें कोई योगदान नहीं है। गौतम प्रसाद ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस के सभी पार्षद उपेक्षा का शिकार रहे हैं।

Advertisement
×