शहर के बिशनपुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। मोहल्ला निवासियों ने बताया कि घर में किराये पर रह रहे दो व्यक्तियों के बीच तीखी कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के बाद अकबर नामक व्यक्ति ने गुस्से में आकर मकान को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर क्षेत्र में दहशत फैल गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब पता चला कि घर के अंदर गैस सिलेंडर भी रखे हुए हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा धमाका हो सकता था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया और आसपास के मकानों को नुकसान से बचा लिया गया। हालांकि घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।