मोहाली सिटी सेंटर-2 की पांचवीं मंजिल से गिरी युवती, मौत
आत्महत्या या हादसा, जांच जारी, अंबाला से मोहाली स्कूटी पर आई, मां ने कहा-मोहाली कैसे पहुंची
एयरपोर्ट रोड स्थित सिटी सेंटर-2 में बुधवार सुबह एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मानकर चल रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय तान्या निवासी दुर्गा नगर, अंबाला (हरियाणा)के रूप में हुई है। युवती सिटी सेंटर-2 की पांचवीं मंजिल की बैकसाइड से नीचे गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल, जीरकपुर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक युवती को सिर में गंभीर चोट के अलावा शरीर में कई फ्रैक्चर थे। पुलिस को मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज में युवती अकेले ही बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर जाती हुई दिखाई दे रही है। एंट्री गेट पर भी वह स्कूटी पर अकेली थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई हादसा। इसको लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
हैरानी की बात यह है कि युवती का सिटी सेंटर-2 से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। न तो वह यहां काम करती थी और न ही उसका कोई परिचित यहां बताया जा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वह इस बिल्डिंग तक कैसे पहुंची और उसने इसी जगह को क्यों चुना। मौके से पुलिस को युवती की एक्टिवा और बैग मिला है, जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन और टिफिन बरामद हुआ। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान की गई और मोबाइल से उसकी मां लक्ष्मी से संपर्क किया गया। परिजनों के अनुसार, तान्या अंबाला में एक निजी नौकरी करती थी और उसके मोहाली आने की जानकारी उन्हें नहीं थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डाटा की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
कोट्स
परिवार आया है, जिनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीसीटीवी में युवती अकेली ही दिखाई दी है। खुदकुशी के कारणों का परिवार से पता किया जाएगा। जांच जारी है।
-अमनदीप कंबोज, एसएचओ थाना आईटी सिटी।

