चंडीगढ़ में पेट्रोल पंप पर लगा पोस्टर, टू-व्हीलर में 500 और फोर-व्हीलर में 1500 रुपये तेल की लिमिट, DC बोले- ऐसे कोई निर्देश नहीं
Fuel Limit: प्रशासन ने कहा- कोई आधिकारिक निर्देश नहीं
Fuel Limit: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर बनी आशंकाओं के बीच चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने की लिमिट तय किए जाने से लोगों में हड़कंप मच गया।
पेट्रोल पंप पर लगाए गए पोस्टर में कहा गया था कि तेल की कमी के कारण दोपहिया वाहनों में केवल 500 रुपये और चारपहिया वाहनों में अधिकतम 1500 रुपये तक का ही पेट्रोल या डीजल डाला जाएगा।
पोस्टर सामने आने के बाद वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई और कई लोगों ने इसे संभावित ईंधन संकट से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना था कि उन्हें पीछे से पर्याप्त तेल सप्लाई नहीं मिल पा रही है, इसलिए यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई।
हालांकि प्रशासनिक सूत्रों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से पेट्रोल या डीजल की बिक्री पर किसी तरह की लिमिट तय करने के निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के पोस्टर और संदेशों से लोगों में अनावश्यक घबराहट और पैनिक की स्थिति पैदा हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद संबंधित पेट्रोल पंप संचालक ने पोस्टर हटा दिया है। उधर, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण बाजार में पहले से ही चिंता का माहौल बना हुआ है। ऐसे में पेट्रोल पंप पर लिमिट से जुड़े पोस्टर ने लोगों की बेचैनी और बढ़ा दी।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि ईंधन की उपलब्धता सामान्य है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
प्रशासन ने ऐसी कोई आदेश नहीं दिए: उपायुक्त
उपायुक्त, चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा पेट्रोल अथवा डीजल की बिक्री पर किसी प्रकार की कोई सीमा या प्रतिबंध लगाने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने भी पुष्टि की है कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी है।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण या अत्यधिक खरीदारी न करें। शहर के सभी रिटेल फ्यूल आउटलेट्स पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा OMCs द्वारा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
चंडीगढ़ प्रशासन संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है, ताकि शहर में पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
