मोहाली फेज-5 की ग्रीन बेल्ट में RMC प्लांट में भीषण आग, 25 फायर टेंडरों ने 6 घंटे में पाया काबू
रिहायशी इलाके और ट्रैक्टर फैक्टरी के पास तड़के लगी आग; जानी नुकसान नहीं, RMC प्लांट को हटाने का मामला पहले से हाईकोर्ट में लंबित
पंजाब के मोहाली के फेज-5 के रिहायशी इलाके के साथ ग्रीन बेल्ट पर नगर निगम मोहाली की ओर से बनाए गए आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट में गुरुवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई।
आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 20 से 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब पांच से छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जिस आरएमसी प्लांट पर आग लगी, उसके साथ ही पंजाब की एक बड़ी ट्रैक्टर फैक्टरी स्थित है। फैक्टरी का बॉयलर और पावर स्टेशन आरएमसी प्लांट से साझा दीवार के साथ लगे हुए हैं। ऐसे में आग की घटना ने आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की ओर से इस आरएमसी प्लांट के खिलाफ पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में मामला उठाया जा चुका है। याचिका में ग्रीन बेल्ट पर आरएमसी प्लांट बनाए जाने को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
मामले में हाईकोर्ट ने नगर निगम कमिश्नर को अपना रोडमैप पेश करने के निर्देश दिए थे कि आरएमसी प्लांट को किस तरह हटाया जाएगा और इसे कहां स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

