आउटसोर्स कर्मचारियों का 50 दिन से जारी धरना समाप्त
सीटीयू से निकाले गए आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा पिछले 50 दिनों से जारी शांतिपूर्ण धरने का आज समापन हो गया। यह धरना वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन द्वारा कर्मचारियों की नौकरी बहाली का आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त किया गया।...
सीटीयू से निकाले गए आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा पिछले 50 दिनों से जारी शांतिपूर्ण धरने का आज समापन हो गया। यह धरना वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन द्वारा कर्मचारियों की नौकरी बहाली का आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन ने सीटीयू से निकाले गए लगभग 300 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पुन: नौकरी पर बहाल करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना धरना समाप्त किया। टंडन ने कहा कि चंडीगढ़ में शीघ्र ही नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जाएगी और इसके साथ ही परिवहन विभाग में इन निकाले गए कर्मचारियों को पुन: समायोजित किया जाएगा। इस संबंध में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जनता दरबार के दौरान चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर यह मुद्दा उठाया था।
बीएमएस के प्रधान बलविंदर सिंह और सीटीयू यूनियन के जसवंत सिंह ने प्रमुखता से कर्मचारियों की नौकरी बहाली की मांग रखी। इसी कड़ी में वरिष्ठ टंडन एवं भाजपा अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा ने भी चंडीगढ़ प्रशासन से इस मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ पुनर्विचार करने का आग्रह किया। मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता, भारतीय मजदूर संघ, सीटीयू यूनियन, सीटीयू कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

