33rd Annual Sports Meet : जीएमसीएच-32 के भावी डॉक्टरों का 'खेल महाकुंभ' कल से, मैदान में मचेगी धूम
निदेशक प्रिंसिपल प्रो. रवनीत कौर करेंगी शुभारंभ, विजेता खिलाड़ियों को मिलेगा इनाम
राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), सेक्टर-32 के भावी डॉक्टरों के लिए पढ़ाई और ओपीडी की व्यस्तता के बीच अब खेल के मैदान में अपना दमखम दिखाने का समय आ गया है। कॉलेज की खेल समिति की ओर से शनिवार, 7 मार्च से दो दिवसीय '33वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ में शहर के मेडिकल छात्र एथलेटिक्स के विभिन्न मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ शनिवार सुबह 9 बजे होगा। जीएमसीएच-32 की निदेशक प्रिंसिपल प्रो. रवनीत कौर मुख्य अतिथि के तौर पर इस खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगी। इस दौरान विभिन्न बैच के विद्यार्थियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया जाएगा और खेल मशाल प्रज्वलित कर खेल भावना के साथ खेलने की शपथ ली जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मेडिकल की पढ़ाई के बीच मैदान में दिखेगा जोश
आमतौर पर स्टेथोस्कोप और किताबों के बीच रहने वाले ये छात्र शनिवार और रविवार को 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद (लॉन्ग जंप), गोला फेंक (शॉट पुट) और चक्का फेंक जैसी प्रमुख एथलेटिक्स स्पर्धाओं में पसीना बहाएंगे। खेल समिति के चेयरमैन प्रो. अमनदीप सिंह और सचिव प्रो. निधि सिंगला ने बताया कि शनिवार को विभिन्न वर्गों के क्वालीफाइंग राउंड आयोजित किए जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि मेडिकल के तनावपूर्ण वातावरण के बीच खेल न केवल छात्रों को शारीरिक रूप से फिट रखते हैं, बल्कि उनमें टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस स्पोर्ट्स मीट में छात्रों के साथ-साथ फैकल्टी और स्टाफ के लिए भी विशेष खेल गतिविधियों का प्रावधान रखा गया है।
विजेताओं को सम्मानित करेंगी पदमश्री सुनीता रानी
दो दिनों तक चलने वाले इस खेल उत्सव का समापन रविवार, 8 मार्च को दोपहर 3:30 बजे भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। इस समारोह में देश की सुप्रसिद्ध एथलीट, पदमश्री और अर्जुन आवार्डी श्रीमती सुनीता रानी (PPS) मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। वे विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित करेंगी और युवाओं को जीवन में खेल और अनुशासन के महत्व के बारे में प्रेरित करेंगी।

