ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ताजा मामला मोहाली जिले से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को खुद को फौज में तैनात बताने वाले ठग ने ओएलएक्स पर सस्ते दामों में घरेलू सामान बेचने का झांसा देकर 1.23 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना मोहाली ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित हरिंदर सिंह निवासी मकान नंबर 31-सी, सब्जी मंडी के पास, मोहाली ने पुलिस को बताया कि उनकी फेज-7 में न्यूज पेपर एजेंसी है। 23 मई 2024 को उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने कॉल कर खुद को अंबाला कैंट में तैनात फौजी बताया। आरोपी ने कहा कि उसका तबादला हिमाचल प्रदेश हो गया है और वह अपने घरेलू सामान में दो एसी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज सस्ते दामों में बेचना चाहता है।
आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए एसी का बिल भी भेजा और पूरे सामान का सौदा 1.25 लाख रुपये में तय किया गया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से पीड़ित से गूगल-पे के माध्यम से कई किश्तों में रकम ट्रांसफर करवाई गई। कभी ऑर्डर बुकिंग, कभी गलत पेमेंट तो कभी गाड़ी वाले को पैसे देने के नाम पर पीड़ित से लगातार पैसे मंगवाए गए। पीड़ित के अनुसार 23 मई को ही आरोपी ने कुल 1.23 लाख रुपये विभिन्न मोबाइल नंबरों और ट्रांजेक्शन आईडी के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। बाद में आरोपी ने फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर सामान भेजने का दावा किया और फिर मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
साइबर क्राइम थाना मोहाली के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 406, 420 और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि ऑनलाइन खरीद-फरोख्त में सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की अग्रिम भुगतान से बचें।

