US Tariffs : ट्रंप ने दक्षिण कोरिया पर टैरिफ बढ़ाकर 25 प्रतिशत किया
US Tariffs : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Donald Trump ने दक्षिण कोरिया से आयात होने वाले उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने का एलान किया है। पहले 15 प्रतिशत रहे टैरिफ को बढ़ाकर अब 25 प्रतिशत कर दिया गया है। यह...
US Tariffs : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Donald Trump ने दक्षिण कोरिया से आयात होने वाले उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने का एलान किया है। पहले 15 प्रतिशत रहे टैरिफ को बढ़ाकर अब 25 प्रतिशत कर दिया गया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के अटकने के बाद लिया गया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कोरियाई संसद ने अमेरिका के साथ ‘ऐतिहासिक व्यापार समझौते’ को लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह दक्षिण कोरिया का विशेषाधिकार है, लेकिन इसके चलते अब ऑटोमोबाइल, लकड़ी, फार्मा और अन्य रेसिप्रोकल टैरिफ श्रेणियों में शुल्क बढ़ाया जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बढ़े हुए टैरिफ तुरंत लागू हो चुके हैं या नहीं।
दक्षिण कोरिया अमेरिका के प्रमुख आयात भागीदारों में शामिल है। अमेरिकी वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में दक्षिण कोरिया ने अमेरिका को 132 अरब अमेरिकी डॉलर के उत्पाद निर्यात किए थे। इनमें ऑटोमोबाइल और ऑटो पार्ट्स के साथ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रमुख हैं। टैरिफ बढ़ने से इन क्षेत्रों में कीमतों पर असर पड़ने की आशंका है।
यह फैसला जुलाई में घोषित उस व्यापार समझौते से पीछे हटने के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें दक्षिण कोरिया से आने वाले उत्पादों पर समान रूप से पंद्रह प्रतिशत टैरिफ लगाने की बात कही गई थी। उस समय ट्रंप ने यह भी दावा किया था कि दक्षिण कोरिया अमेरिका में 350 अरब डॉलर के निवेश पर सहमत हुआ है, जिस पर अमेरिका का नियंत्रण होगा।
इस बीच ट्रंप की व्यापार नीतियों को लेकर कानूनी बहस भी जारी है। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट में उस याचिका पर सुनवाई हो चुकी है, जिसमें कांग्रेस की मंजूरी के बिना लगाए गए टैरिफ को चुनौती दी गई है। अदालत ने अभी इस मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है।

