US Tariff Deal : अमेरिका ने बांग्लादेश पर शुल्क घटाकर 19 प्रतिशत किया
US Tariff Deal : बांग्लादेश ने अमेरिका के साथ एक अहम व्यापार समझौता किया है, जिसके तहत बांग्लादेशी उत्पादों पर अमेरिकी शुल्क घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। इस समझौते के तहत अमेरिकी सामग्री से बने कुछ वस्त्र एवं...
US Tariff Deal : बांग्लादेश ने अमेरिका के साथ एक अहम व्यापार समझौता किया है, जिसके तहत बांग्लादेशी उत्पादों पर अमेरिकी शुल्क घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। इस समझौते के तहत अमेरिकी सामग्री से बने कुछ वस्त्र एवं परिधान उत्पादों को अमेरिकी बाजार में शून्य शुल्क पर पहुंच देने की व्यवस्था भी की गई है।
अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि अमेरिका में उत्पादित कपास और मानव निर्मित फाइबर से बने बांग्लादेशी वस्त्र एवं परिधान उत्पादों के लिए विशेष तंत्र स्थापित करने पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि यह समझौता पिछले साल अप्रैल से करीब 9 महीने चली बातचीत के बाद संपन्न हुआ है।
वाणिज्य सचिव महबूबुर रहमान के अनुसार, अमेरिका से आयातित कपास और कृत्रिम रेशों से बने बांग्लादेश के प्रमुख निर्यात उत्पाद रेडीमेड गारमेंट्स को इस समझौते के तहत शून्य शुल्क का लाभ मिलेगा। समझौते पर बांग्लादेश की ओर से वाणिज्य सलाहकार शेख बशीर उद्दीन और अमेरिका की ओर से अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने हस्ताक्षर किए।
वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, इस समझौते में अमेरिका से गेहूं, सोयाबीन और एलएनजी आयात, ई कॉमर्स पर शुल्क नहीं लगाने, बौद्धिक संपदा अधिकार मानकों का पालन तथा विश्व व्यापार संगठन में सुधार संबंधी अमेरिकी प्रस्तावों का समर्थन भी शामिल है।
बांग्लादेश ने हाल ही में अमेरिकी कंपनी बोइंग से 25 विमान खरीदने पर सहमति जताई है, जिसकी अनुमानित लागत 30000 से 35000 करोड़ टका बताई गई है। निर्यात संवर्धन ब्यूरो के अनुसार, अमेरिका बांग्लादेश का सबसे बड़ा निर्यात बाजार है। व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि यह समझौता परिधान उद्योग के लिए बड़ी राहत है, क्योंकि यह क्षेत्र देश की कुल निर्यात आय में 80 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है।

