रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के एक दिन बाद सोने और चांदी की कीमतों में रिवर्स गियर लग गया। शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 14,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमतें 20,000 रुपये प्रति किलोग्राम लुढ़क गई। कमजोर वैश्विक रुझान, डॉलर में उछाल और निवेशकों द्वारा भारी मुनाफा वसूली इसका कारण रहा।
बाजार सूत्रों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 7.65 प्रतिशत टूटकर 1,69,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। चांदी की कीमत पांच प्रतिशत टूटकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई।
वहीं, वायदा कारोबार में भी चांदी और सोने की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। चांदी का वायदा भाव 17 प्रतिशत घटकर 3.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया, जबकि सोना नौ प्रतिशत गिरकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, मार्च माह में डिलिवरी वाले चांदी वायदा का भाव 67,891 रुपये घटा। बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत लगभग नौ प्रतिशत बढ़कर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जिसके बाद यह 399893 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। सोने के फरवरी माह में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 15246 रुपये यानी नौ प्रतिशत टूटकर 154157 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। बृहस्पतिवार को सोने की कीमत लगभग नौ प्रतिशत बढ़कर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के नये शिखर पर पहुंच गई थी। एमसीएक्स पर यह 169403 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई थी।

