Apple WWDC 2026 : एप्पल का AI पर फोकस: वार्षिक डेवलपर सम्मेलन में Siri को लेकर क्या-क्या बताया ?
गूगल जेमिनी की ताकत से लैस एप्पल इंटेलिजेंस करेगा रोज़मर्रा के काम आसान; सितंबर में जॉन टर्नस संभालेंगे नए सीईओ की कमान
Apple WWDC 2026 : एप्पल ने सोमवार को अपने वार्षिक वर्ल्डवाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस (WWDC) में 'सिरी एआई' (Siri AI) सहित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के कई बड़े अपडेट्स का अनावरण किया। एआई की दौड़ में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ने के लिए कंपनी ने यूज़र की निजता (प्राइवेसी) और रोज़मर्रा के उपयोग को अपना मुख्य हथियार बनाया है। यह सम्मेलन एप्पल के सीईओ टिम कुक का बतौर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आखिरी WWDC था। सितंबर में जॉन टर्नस कंपनी के नए सीईओ का पदभार संभालेंगे।
गूगल जेमिनी मॉडल से लैस हुआ 'एप्पल इंटेलिजेंस'
एप्पल के सॉफ्टवेयर प्रमुख क्रेग फेडेरिघी ने बिना नाम लिए अन्य एआई कंपनियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई कंपनियां बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य के सिर्फ 'एआई के लिए एआई' के पीछे भाग रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एप्पल का उद्देश्य एक ऐसा एआई देना है, जो पूरी तरह से यूज़र की ज़रूरतों और निजता पर केंद्रित हो। सम्मेलन में 2024 में घोषित 'एप्पल इंटेलिजेंस' के नए अपडेट भी पेश किए गए। अब यह गूगल के 'जेमिनी एआई' मॉडल की मदद से काम करता है। यह यूज़र्स के सवालों और डेटा को उनके डिवाइस पर और प्राइवेट क्लाउड के जरिए सुरक्षित रूप से प्रोसेस करता है, जिससे कोई अन्य उसे एक्सेस नहीं कर सकता।
अब और भी स्मार्ट हुआ 'सिरी', हर कदम पर करेगा मदद
साल 2011 में लॉन्च होने के बाद 'सिरी' अन्य वॉइस असिस्टेंट्स के मुकाबले पिछड़ गया था, लेकिन नया 'सिरी एआई' अब पहले से कहीं अधिक सक्षम है। यह आपके मैसेज या वेब से जानकारी जुटाकर वर्ल्ड कप पार्टी का मेन्यू तैयार कर सकता है और दोस्तों को ग्रुप चैट के जरिए इनवाइट भी भेज सकता है। वहीं, सिरी का नया कैमरा मोड सामने रखी खाने की प्लेट को देखकर उसके पोषण संबंधी तथ्य (न्यूट्रिशनल वैल्यू) बता सकता है। इसके अलावा, यह स्क्रीन पर मौजूद तस्वीरों को पहचान कर बता सकता है कि कोई बैकपैक आपकी फ्लाइट के लिए उपयुक्त है या नहीं।
एप्पल ने एआई आधारित फोटो एडिटिंग टूल्स में भी सुधार किया है। इस साल के अंत तक एक अलग 'सिरी एआई' ऐप लॉन्च किया जाएगा। हालांकि, नियामक संबंधी मुद्दों के कारण शुरुआत में यह यूरोप और चीन में उपलब्ध नहीं होगा।
15 साल के स्वर्णिम सफर के बाद टिम कुक की विदाई
सिलिकॉन वैली स्थित एप्पल के मुख्यालय में आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 65 देशों के डेवलपर्स ने हिस्सा लिया। जब टिम कुक मंच पर आए, तो वहां मौजूद लोगों ने खड़े होकर (स्टैंडिंग ओवेशन) उनका जोरदार स्वागत किया। भावुक कुक ने कहा, "आपके साथ इस सफर पर रहना मेरे लिए गहरे सम्मान की बात है।" कुक ने अप्रैल में ही अपने पद से हटने की घोषणा कर दी थी। उनके 15 साल के कार्यकाल में एप्पल की मार्केट वैल्यू 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई।
सितंबर में उनकी जगह जॉन टर्नस लेंगे, जो पिछले 25 वर्षों से एप्पल से जुड़े हैं। टर्नस आईफोन, आईपैड और मैक की इंजीनियरिंग का नेतृत्व कर चुके हैं। नए सीईओ के लिए यह समय काफी अहम और चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि 2007 में पहले आईफोन के लॉन्च के बाद से एआई ने टेक इंडस्ट्री में सबसे बड़ा बदलाव ला दिया है। कुक ने अपने कार्यकाल को "जीवनभर का सम्मान" बताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि एप्पल के सबसे बेहतरीन दिन अभी आने बाकी हैं।
