Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

राधा के प्रेम में कृष्णत्व की अनुभूति

राधाष्टमी 19 सितंबर

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

योगीराज श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व श्रीराधा के बिना अधूरा माना जाता है। भारतीय जनमानस में आज भी कृष्ण से पहले राधा का नाम लिया जाता है। श्रीकृष्ण ने अपनी आध्यात्मिक शक्ति और प्रेम से मानवता को प्रभावित किया, तो राधा ने त्याग, समर्पण और नि:स्वार्थ प्रेम की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जो आज भी भक्तों के हृदय में भक्ति की ज्योति प्रज्वलित करती है।

प्रतिवर्ष भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को राधाष्टमी श्रीराधा के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन बरसाना में वृषभानु जी और माता कीर्ति जी के घर एक दिव्य कन्या का जन्म हुआ, जिसे संपूर्ण विश्व राधा के नाम से जानता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के 15 दिन बाद आने वाला यह पर्व उसी उल्लास, श्रद्धा और आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया जाता है।

भारत के निंबार्क, वैष्णव, पुष्टिमार्ग, राधावल्लभ तथा स्वामीनारायण संप्रदायों सहित अनेक धार्मिक धाराओं में राधा को श्रीकृष्ण के साथ वंदनीय माना गया है। वैष्णव मत में उन्हें भगवान कृष्ण की शक्ति स्वरूपा माना जाता है, जो स्त्री रूप में प्रभु की लीलाओं में प्रकट होती हैं। संपूर्ण भारत में राधा नाम का स्मरण भक्तों को कृतार्थ करता है, किंतु ब्रज, वृंदावन, मथुरा और विशेष रूप से बरसाना में राधाष्टमी का महत्व महापर्व के समान है।

Advertisement

इस अवसर पर ब्रजवासी और श्रद्धालु बरसाना की ऊंची पहाड़ी पर स्थित गहवर वन की परिक्रमा करते हैं। व्रत, पूजन, पंचामृत स्नान, शृंगार और संकीर्तन के माध्यम से श्रीराधा की आराधना की जाती है। पूरे ब्रज क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति-संगीत का वातावरण बन जाता है।

Advertisement

राधा के बिना कृष्ण अधूरे

योगीराज श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व श्रीराधा के बिना अधूरा माना जाता है। भारतीय जनमानस में आज भी कृष्ण से पहले राधा का नाम लिया जाता है। श्रीकृष्ण ने अपनी आध्यात्मिक शक्ति और प्रेम से मानवता को प्रभावित किया, तो राधा ने त्याग, समर्पण और नि:स्वार्थ प्रेम की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जो आज भी भक्तों के हृदय में भक्ति की ज्योति प्रज्वलित करती है।

त्याग और नि:स्वार्थ प्रेम

राधा ने श्रीकृष्ण से कभी कोई अपेक्षा नहीं की और न ही उनके विराट कार्यों में बाधा बनीं। वे जानती थीं कि कृष्ण के अवतार का उद्देश्य व्यापक और लोककल्याणकारी था। इसलिए उन्होंने उन्हें मथुरा जाने की सहर्ष अनुमति दी। राधा कृष्ण की आराध्य शक्ति और उनके प्रत्येक सृजनात्मक कार्य की सूक्ष्म प्रेरणा मानी जाती हैं—चाहे वह बांसुरी का मधुर राग हो, गोवर्धन धारण करना हो या कंस-वध के लिए मथुरा प्रस्थान।

दार्शनिक दृष्टि से राधा को श्रीकृष्ण की चेतना, शुद्ध आनंद और मूल शक्ति का प्रतिनिधित्व करने वाली सत्ता माना गया है। ब्रह्मवैवर्त पुराण में उन्हें मूल प्रकृति के रूप में वर्णित किया गया है, जो कृष्ण से अविभाज्य हैं। स्कंद पुराण में राधा को श्रीकृष्ण की आत्मा कहा गया है।

राधा-कृष्ण का अद्वैत स्वरूप

राधा और कृष्ण का संबंध केवल प्रेम का नहीं, बल्कि अद्वैत और आध्यात्मिक एकत्व का प्रतीक है। कृष्ण यदि देह हैं, तो राधा उनकी आत्मा हैं; कृष्ण यदि शब्द हैं, तो राधा उनका अर्थ; कृष्ण यदि वंशी हैं, तो राधा उसका स्वर; और कृष्ण यदि पुष्प हैं, तो राधा उसकी सुगंध हैं।

राधावल्लभ परंपरा में राधा को व्यक्तिगत आत्मा और कृष्ण को सार्वभौमिक आत्मा का प्रतीक माना गया है। राधाष्टमी भगवान और भक्त के बीच नि:स्वार्थ, दिव्य प्रेम-संबंध का द्योतक है। यह पर्व मनुष्य को सिखाता है कि ईश्वरीय सत्ता की अनुभूति के लिए अंतःकरण में राधा जैसी श्रद्धा, भक्ति, त्याग, समर्पण और प्रेम का विस्तार आवश्यक है। राधाष्टमी का संदेश यही है कि मनुष्य अपनी संकीर्णताओं का त्याग कर हृदय को विराट बनाए और प्रेम, करुणा तथा भक्ति के माध्यम से परमात्मा के निकट पहुंचे।

Advertisement
×