रोली, अक्षत, दीपक और मिठाई... रक्षाबंधन की थाली में क्या-क्या रखें? हर चीज का है खास महत्व
राखी बांधने से पहले थाली में जरूर रखें ये सामान, शुभ मानी जाती हैं ये चीजें
Raksha Bandhan Thali : रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार, भरोसे और भावनात्मक रिश्ते का खूबसूरत त्योहार है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती है। वहीं भाई बहन की रक्षा और हर परिस्थिति में उसका साथ देने का संकल्प लेता है। राखी बांधने की रस्म को लेकर कई परिवारों में अपनी-अपनी परंपराएं हैं। पूजा की थाली भी इसी परंपरा का अहम हिस्सा मानी जाती है। अगर आप इस रक्षाबंधन अपनी थाली को पारंपरिक और खूबसूरत अंदाज में सजाना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी चीजें इसमें शामिल कर सकते हैं।
रोली और अक्षत से करें तिलक
पूजा की थाली में सबसे पहले रोली या कुमकुम और अक्षत रखें। भाई को आसन पर बैठाने के बाद उसके माथे पर रोली या कुमकुम से तिलक लगाया जाता है और उसके ऊपर अक्षत लगाए जाते हैं। धार्मिक परंपराओं में अक्षत को पूर्णता और शुभता का प्रतीक माना जाता है।
दीपक से करें आरती
थाली में एक छोटा दीपक जरूर रखें। तिलक और राखी बांधने के बाद भाई की आरती करने की परंपरा कई घरों में निभाई जाती है। दीपक को सकारात्मकता और शुभ ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
राखी और मिठाई भी जरूरी
थाली में भाई के लिए पसंद की राखी रखें। इसके साथ मिठाई भी जरूर शामिल करें। राखी बांधने के बाद भाई को मिठाई खिलाने की रस्म त्योहार की खुशी को और खास बना देती है।
फूल, नारियल और कलावा से सजाएं थाली
आप चाहें तो थाली में फूल, नारियल और कलावा भी रख सकते हैं। हालांकि इन चीजों का शामिल होना परिवार और स्थानीय परंपराओं पर निर्भर करता है। थाली को साफ-सुथरा और सुंदर रखने के लिए फूलों की पंखुड़ियों से सजावट भी की जा सकती है।

