Kailash Yatra 2026 : कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर गंगटोक लौटे श्रद्धालु, बोले- बेहद आध्यात्मिक रहा अनुभव
नाथू ला के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा संपन्न, अंतिम जत्थे के तीर्थयात्री लौटे
Kailash Yatra 2026 : सिक्किम के नाथू ला मार्ग से होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा रविवार को संपन्न हो गई। अधिकारियों ने बताया कि 10 जत्थों में कुल 464 तीर्थयात्रियों ने यह यात्रा पूरी की। यह यात्रा 20 जून को शुरू हुई थी।
तीर्थयात्रियों के अंतिम जत्थे के गंगटोक लौटने के साथ यह तीर्थयात्रा संपन्न हो गई। तीर्थयात्रियों ने चीन के स्वायत्त क्षेत्र तिब्बत में स्थित कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दर्शन किए। वापसी पर सिक्किम पर्यटन विकास निगम (एसटीडीसी) के प्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
एसटीडीसी के प्रधान मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुर्मे योसाल ने कहा कि लौटने के बाद तीर्थयात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए। तीर्थयात्रियों ने इस यात्रा को आध्यात्मिक और यादगार अनुभव से पूर्ण बताया तथा सहयोग के लिए केंद्र सरकार, एसटीडीसी, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और अन्य एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

