Jagannath Rath Yatra : पुरी रथ यात्रा में बड़ा हादसा, भीड़ और खराब मौसम के बीच दो श्रद्धालुओं की मौत
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी
Jagannath Rath Yatra : बारिश से प्रभावित ओडिशा के पुरी में आज रथ यात्रा के दौरान अचानक भीड़ बढ़ने और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य अस्वस्थ हो गए। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि उत्सव के दौरान 7 लोग अस्वस्थ हो गए थे। उन्हें बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया।
इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक पुरुष श्रद्धालु की दुर्भाग्यवश मौत हो गई। संबंधित अधिकारी उनकी मौत के सही कारण का पता लगा रहे हैं। इससे अलावा एक अन्य असंबंधित घटना में 35 वर्ष से अधिक उम्र के एक पुरुष श्रद्धालु को दिल का दौरा पड़ा और तत्काल चिकित्सा सहायता दिए जाने के बावजूद उनकी मौत हो गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि बारिश के कारण अस्वस्थ हुए कई श्रद्धालुओं का अस्पतालों में उपचार किया गया और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ और लगातार बारिश के कारण दिनभर में थकान, शरीर में पानी की कमी, दम घुटने और स्वास्थ्य संबंधी मामूली परेशानियों के मामले सामने आए।
करीब 100 लोगों को बाहर निकाला है
अब तक हमने भीड़ में दम घुटने के कारण अस्वस्थ हुए करीब 100 लोगों को बाहर निकाला है। उन्हें अस्थायी अस्पतालों और एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया है। इससे श्रद्धालुओं को राहत मिली है। इस बीच, बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान 'बड़ा डंडा' पर लोगों की मौत होने की खबर से वह दुखी हैं।
#WATCH | Odisha: Massive crowd of devotees at Jagannath Rath Yatra in Puri. pic.twitter.com/slHufQAyn0
— ANI (@ANI) July 16, 2026
श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता: पूर्व CM
पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मैं मृत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति और 100 से अधिक घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। विधानसभा में विपक्ष के नेता पटनायक ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी सभी लोगों को सहायता उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग करने को कहा।
बीजद अध्यक्ष ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि राज्य सरकार भीड़ का उचित प्रबंधन कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। पिछले साल की रथ यात्रा के दौरान श्री गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

