Ganesh Chaturthi : घर में पधारे हैं गणपति बप्पा तो इन वास्तु टिप्स का रखें ध्यान, बनी रहेगी सुख-समृद्धि
घर पर लाए हैं गणपति बप्पा तो जान लें जरूरी बातें
Ganesh Chaturthi : गणपति बप्पा के आगमन के साथ ही घर का माहौल भक्तिमय हो जाता है। गणेश उत्सव के दौरान लोग विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा करते हैं और उन्हें अपने घर का अतिथि मानकर सेवा करते हैं। अगर आपने भी घर में गणपति स्थापित किए हैं, तो कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
स्थापना की जगह का रखें ध्यान
गणपति की मूर्ति को हमेशा साफ-सुथरी और शांत जगह पर स्थापित करें। पूजा स्थल के आसपास गंदगी या अनावश्यक सामान न रखें। मूर्ति को सीधे जमीन पर रखने के बजाय चौकी या पाटे पर लाल या पीले कपड़े के ऊपर स्थापित करना शुभ माना जाता है। घर में पूजा के लिए ऐसी जगह चुनें जहां नियमित रूप से आसानी से पूजा की जा सके।
पूजा में इन चीजों को करें शामिल
भगवान गणेश को दूर्वा और मोदक बेहद प्रिय माने जाते हैं। पूजा के दौरान दूर्वा, फूल, फल, मोदक या लड्डू अर्पित कर सकते हैं। सुबह-शाम दीपक जलाकर आरती करें और परिवार के साथ गणपति मंत्रों का जाप करें। सबसे जरूरी बात यह है कि पूजा में दिखावे के बजाय श्रद्धा और स्वच्छता का ध्यान रखा जाए।
बप्पा को अकेला न छोड़ें
मान्यता के अनुसार गणपति को घर लाने के बाद नियमित रूप से उनकी पूजा और आरती करनी चाहिए। कोशिश करें कि पूजा के समय परिवार के सदस्य मौजूद रहें। गणपति के सामने झूठ, विवाद और नकारात्मक माहौल से बचना भी शुभ माना जाता है।
विसर्जन में रखें पर्यावरण का ध्यान
गणपति विसर्जन श्रद्धा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी अवसर है। घर में स्थापित मूर्ति के लिए संभव हो तो मिट्टी की इको-फ्रेंडली मूर्ति चुनें और स्थानीय नियमों के अनुसार विसर्जन करें। भक्ति के साथ स्वच्छता और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लेना ही गणपति उत्सव को और खास बनाता है।
आसपास रखें सकारात्मक माहौल
गणपति के आसपास कबाड़, जूते-चप्पल या ऐसी चीजें न रखें जो पूजा स्थल की पवित्रता और स्वच्छता को प्रभावित करें। रोजाना पूजा की जगह की सफाई करना अच्छा माना जाता है।
जरूरी वास्तु टिप्स
-वास्तु के अनुसार घर में गणपति की स्थापना के लिए ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा को सबसे शुभ माना जाता है। -घर में गणपति की मूर्ति लाते समय ध्यान रखें कि बप्पा की सूंड बाईं ओर मुड़ी सूंड हो।
-गणपति की प्रतिमा को फर्श पर रखने के बजाय साफ चौकी पर लाल या पीले कपड़े के ऊपर स्थापित करें।
-प्रतिमा को मुख्य दरवाजे के बिल्कुल सामने ना रखें।
डिस्केलमनर: यह लेख/खबर धार्मिक व सामाजिक मान्यता पर आधारित है। dainiktribneonline.com इस तरह की बात की पुष्टि नहीं करता है।

