संत रविदास ने ऊंच-नीच का भेद मिटाने की बात कही : भुक्कल
पूर्व शिक्षा मंत्री ने गांव रामगढ़ पांडवा में अंबेडकर भवन का किया उद्घाटन
गांव रामगढ़ में पूर्व शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की भव्य मूर्ति का अनावरण व अंबेडकर भवन का उद्घाटन किया। ससुराल में पहुंचने पर वर्तमान में झज्जर से विधायक गीता भुक्कल का ग्रामवासियों ने हरियाणी परंपरा के साथ अभिनंदन किया। इस अवसर पर आयोजित हवन में भुक्कल ने आहुति डाली और मंदिर के निर्माण में 11 लाख रुपए और भंडारे में 51 हजार का सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि संत महात्माओं ने अपनी वाणी से जो संदेश दिए हैं, उन्हें आत्मसात करने की जरूरत है। विधायक गीता भुक्कल ने संत रविदास की कथाओं को प्रासंगिक बताया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ही ऊंच-नीच का भेद मिटाने की बात कही थी और नारी शिक्षा पर बल दिया था। पूर्व मंत्री गीता भुक्कल कलायत विधानसभा की विकास योजनाओं और मुद्दों को लेकर बेहद संजीदा नजर आई। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की युवा शक्ति विदेशों में पलायन कर रही है। इसके पीछे सीधा सा कारण है कि उसे प्रदेश में रोजगार नहीं मिल रहा। यह सरकार पूरी तरह से डमी है और विकास कार्यों का केवल ढंढोरा पीटा जा रहा है। धरातल पर कुछ नहीं है। कलायत विधानसभा ने कांग्रेस पार्टी से विकास सहारण को अपना प्रतिनिधि चुन कर विधानसभा में भेजा। कलायत के लंबित और अधूरे विकास कार्यों को वे विधानसभा में कई बार उठा चुके हैं और उन्हें संबंधित विभाग के मंत्री से आश्वासन भी मिला, पर रहे ढाक के वही तीन पात। कलायत में तीन करोड़ रुपए खर्च होने के बाद भी भगवान परशुराम सामुदायिक केंद्र खंडहर बन रहा है। उसको पूरा करने के लिए सरकार ग्रांट ही जारी नहीं कर रही। कलायत विधान सभा क्षेत्र के सभी संपर्क मार्ग पूरी तरह से टूट चुके हैं। कपिल मुनि माइनर की रिपेयर हो या अधूरा पड़े महाराजा अग्रसेन पार्क को पूरा करने की बात हो भाजपा कलायत पर कोई ध्यान ही नहीं दे रही। इस अवसर पर महिला सरपंच कविता सहारण, बलबीर सिंह भुक्कल, कर्नल बनी सिंह, डा.दलबीर सिंह भुक्कल, राजमल, पवन कुमार, राजेश कुमार, मनोज कुमार, जोगेंद्र सहारण, गुरुदेव सहारण, अशोक सहारण, पूर्ण चंद शर्र्मा, सुनील धीमान व गंगा बिशन मौजूद रहे।

