कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर 13 से कुरुक्षेत्र में
मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी सिखाएंगे संगठन बनाने के गुर
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रामचंद्र गुज्जर ढांड ने कहा कि नए साल की शुरुआत के साथ ही धर्मनगरी कुरुक्षेत्र कांग्रेस की अहम संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है। आने वाली 13 से 22 जनवरी तक हरियाणा और उत्तराखंड में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। नई अनाज मंडी ढांड में कांग्रेस कार्यालय में बातचीत करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुज्जर ढांड ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान की यह स्पष्ट रणनीति है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना केवल मंचों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जिलों और बूथों तक मजबूत संगठन तैयार कर किया जाए। इसी उद्देश्य के तहत यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेसी नेता राहुल गांधी 2 दिनों के लिए प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करेंगे और जिलाध्यक्षों से सीधे संवाद कर संगठन को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। शिविर में संगठन प्रबंधन, जनसंपर्क, बूथ स्तर की रणनीति और समन्वय जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाला यह प्रशिक्षण शिविर पार्टी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

