Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Assembly Elections 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी, नागालैंड उपचुनाव के लिए भी हो रही वोटिंग

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
पुडुचेरी: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान करने के बाद ननें स्याही लगे उंगलियों के साथ तस्वीरें खिंचवाती हुई। पीटीआई फोटो
Advertisement

Assembly Elections 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में गुरुवार को लोकतंत्र का महापर्व जोरों पर है। यहां विधानसभा सीटों के लिए मतदान सुबह से जारी है, जहां करोड़ों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

इसके साथ ही नगालैंड की कोरीडांग सीट पर उपचुनाव भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रहा है। सभी स्थानों पर मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं और चुनाव आयोग द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी के इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों के नतीजे विभिन्न राज्यों की राजनीतिक दिशा तय करेंगे। (इनपुटः एजेंसी)

Advertisement

Advertisement

केरल विधानसभा चुनाव: अपराह्न एक बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान

April 9, 2026 2:59 pm

केरल विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान शुरू होने के बाद अपराह्न एक बजे तक लगभग 50 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, अपराह्न एक बजे तक 2.71 करोड़ मतदाताओं में से 49.70 प्रतिशत ने मतदान किया जिसमें एर्नाकुलम जिले में सबसे अधिक 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन क्षेत्रवार देखें तो अपराह्न एक बजे त्रिपुणितुरा में सर्वाधिक 58.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पोन्नानी में सबसे कम 44.52 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ता हुआ रुख दिखा रहा है। यह सुबह नौ बजे 16.23 प्रतिशत से बढ़कर 11 बजे 33.28 प्रतिशत और अपराह्न एक बजे तक 49.70 प्रतिशत तक पहुंच गया। यदि यही रफ्तार बरकरार रही, तो आयोग का 90 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य हासिल होना संभव नजर आ रहा है। सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के शासन और कल्याणकारी मॉडल के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने की जुगत में है। वहीं, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में एक दशक से जारी वाम शासन को बेदखल कर सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटा है। भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एलडीएफ और यूडीएफ के वर्चस्व को चुनौती देने और अपने बढ़ते मत प्रतिशत को विधानसभा में निर्णायक उपस्थिति में बदलने का लक्ष्य लेकर मैदान में है। राज्य की सभी 140 विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। दिन चढ़ने के साथ लोग सुबह-सुबह ही राज्य के 30,495 मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मतदान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जारी है। इसके तहत 76,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और वेबकास्टिंग प्रणाली का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। राज्य की 140 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करीब 2.71 करोड़ मतदाता करेंगे। निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 'ट्रांसजेंडर' शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी हैं। इस चुनावी प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) ने 1.42 लाख प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की है।

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया

April 9, 2026 12:12 pm

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवर को असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से प्रगति और विकास के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान किया। नवीन ने असम के लोगों से अपील करते हुए 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "आज असम की प्रगति और विकास के संकल्प का दिन है। मैं सभी प्रदेशवासियों, विशेषकर अपने युवा साथियों से आग्रह करता हूं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ भाग लें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।'' उन्होंने कहा, ''आपका एक-एक वोट असम की 'माटी, बेटी और रोटी' की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ राज्य को घुसपैठ और अस्थिरता से मुक्त रखने में निर्णायक होगा। विकास की जो यात्रा शुरू हुई है, उसे 'विकसित असम' के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए आपकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। याद रखें - पहले मतदान, फिर जलपान।'' नवीन ने केरल की जनता को अपने संदेश में कहा कि अब यह सुनिश्चित करने का समय आ गया है कि राज्य प्रगति और समावेशी विकास के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा, "आपके वोट में भ्रष्टाचार मुक्त, विकासोन्मुखी और तुष्टीकरण से मुक्त सरकार बनाने की शक्ति है। अब समय आ गया है कि हम यह सुनिश्चित करें कि केरलम् प्रगति और समावेशी विकास के पथ पर आगे बढ़े।" नवीन ने कहा, "आज केरलम् के भविष्य के लिए निर्णायक दिन है। मैं अपने सभी भाइयों और बहनों, विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लें।" उन्होंने कहा, "एक मजबूत, सुरक्षित और 'विकासशील केरलम्' के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।" भाजपा अध्यक्ष ने पुडुचेरी के लोगों से भी अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने और "रिकॉर्ड संख्या" में मतदान करने का आग्रह किया। नवीन ने कहा, "स्थिर, भ्रष्टाचार मुक्त और प्रगतिशील सरकार सुनिश्चित करने के लिए आपकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य को आकार देने में हर वोट मायने रखता है।" उन्होंने कहा, "राज्य की प्रगति के लिए वोट करें, 'विकसित पुडुचेरी' के लिए वोट करें।"

चुनाव के बाद शक्तिशाली, निडर, आत्मविश्वासी और नये असम का उदय होगा: गौरव गोगोई

April 9, 2026 12:12 pm

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया और कहा कि इन चुनावों के बाद शक्तिशाली, निडर, आत्मविश्वासी और नये असम का उदय होगा। जोरहाट में अपनी मां डॉली के साथ मताधिकार का प्रयोग करने के बाद गोगोई ने पत्रकारों से कहा कि राज्य की नयी सरकार सभी लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करेगी। कांग्रेस नेता ने कहा, "आज असम के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। असम के भविष्य के लिए जनता निर्णायक भूमिका निभाने जा रही है।" उन्होंने कहा, "परिणाम घोषित होने के बाद एक शक्तिशाली, निडर, आत्मविश्वासी और नया असम उभर कर सामने आएगा। यह जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करेगा।" इससे पहले दिन में, उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने की अपील की। असम की सभी 126 विधानसभा सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। कुल 722 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है। कांग्रेस नेता ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि यह असम के सभी लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है और सभी को अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करना चाहिए। गोगोई ने असमिया में लिखा, "आज अपने वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित करने के हित में, नये असम के निर्माण के हित में, यह जरूरी है कि हम अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर मतदान करें। पहली बार मतदान करने आए सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं। जय आई असम।" लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता असम के जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

खड़गे ने केरल, असम और पुडुचेरी के लोगों से बदलाव के लिए मतदान करने का आह्वान किया

April 9, 2026 10:25 am

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल, असम और पुडुचेरी के लोगों से बदलाव के लिए वोट करने और ऐसी सरकार चुनने का आह्वान किया जो जनता की परवाह करती हो। केरल, असम और पुडुचेरी में बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतगणना चार मई को होगी। खड़गे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "केरल की मेरी प्यारी बहनों और भाइयों, आप हमेशा शिक्षा, गरिमा, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और सामाजिक न्याय के लिए खड़े रहे हैं। आपने देश को दिखाया है कि प्रगतिशील सोच का वास्तव में क्या मतलब है। अब, एक बार फिर जिम्मेदारी आपके हाथों में है।" उन्होंने कहा, "पिछले वर्षों में आपने बढ़ती बेरोजगारी, वित्तीय संकट और बढ़ती अनिश्चितता का सामना किया है। किसानों, बागान श्रमिकों, युवाओं और छोटे व्यवसाय मालिकों ने एक सरल प्रश्न पूछा है: 'राहत कहां है? अवसर कहां है?'" उन्होंने कहा, "विभाजन या भटकाव को उस ताकत को कमजोर न करने दें। मैं सभी से बड़ी संख्या में बाहर आने और ऐसी सरकार के लिए वोट करने की अपील करता हूं जो आपकी बात सुनती हो, परवाह करती हो और काम करती हो। न्याय के लिए वोट करें। बेहतर केरल के लिए वोट करें।" खड़गे ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर भी 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि 2026 के इस विधानसभा चुनाव में असम में परिवर्तन स्पष्ट है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्ष में असम की एकता को जानबूझकर कमजोर किया गया है। उन्होंने कहा, ''इसका सामाजिक ताना-बाना तनावपूर्ण है, इसके संसाधनों का दोहन किया गया है और राजनीतिक लाभ के लिए झूठी कहानियां फैलाई गई हैं।" खड़गे ने कहा कि अब समय आ गया है कि असम के लोग एक साथ आएं और अपने वोट की ताकत से विभाजन, बहिष्कार और उदासीनता की राजनीति को हराएं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "एकता, कल्याण और वास्तविक विकास का मार्ग चुनें। आपका वोट असम के गौरव और भविष्य को बहाल कर सकता है।" उन्होंने पहली बार मतदान कर रहे लोगों से बढ़-चढ़ कर मतदान करने का आह्वान किया। खड़गे ने पुडुचेरी के लोगों से भी भ्रष्टाचार के खिलाफ और बदलाव के लिए वोट करने का आह्वान किया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के मतदाताओं से कहा कि यह बदलाव का समय है और उन्हें यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) को वोट देना चाहिए। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "केरल में आप एक ऐसी सरकार के हकदार हैं जो आपकी बात सुने, आपके संघर्षों को समझे और आपकी भलाई के लिए दिन-रात काम करे, न कि केवल भ्रष्टाचार करने और सत्ता में बने रहने के लिए हो।"

प्रधानमंत्री मोदी ने असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से वोट करने की अपील की

April 9, 2026 10:25 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से अपने प्रदेश में विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। अंग्रेजी के अलावा असमिया, मलयालम और तमिल में जारी अलग-अलग संदेशों में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से आगे आकर मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान शुरू होने के साथ, मैं असम के लोगों से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करता हूं। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा और महिला मतदाता उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र और जन कर्तव्य का पर्व बनाएंगे।" केरल के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड भागीदारी राज्य की लोकतांत्रिक भावना को और सशक्त करेगी। उन्होंने कहा, "मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आगे आकर बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध करता हूं।" प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी के प्रत्येक मतदाता से भी रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की अपील करता हूं। पुडुचेरी के भविष्य को आकार देने में हर वोट महत्वपूर्ण है।" असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हो रहा है। पुडुचेरी विधानसभा में 30 सीट पर जनता के वोट से उम्मीदवार निर्वाचित होते हैं जबकि तीन सदस्यों को केंद्र सरकार द्वारा मनोनीत किया जाता है।

त्रिपुरा उपचुनाव: धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान

April 9, 2026 9:00 am

उत्तरी त्रिपुरा जिले के धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उपचुनाव में कुल 46,142 मतदाता छह उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। इस उपचुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। महिला मतदाताओं की संख्या 23,758 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 22,348 है। निर्वाचन अधिकारी देबजानी चौधरी ने कहा, ''सभी 55 मतदान केंद्रों पर उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारों में खड़े नजर आए।'' उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम और वीवीपैट के अलावा सभी मतदान केंद्र में वेबकास्टिंग सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा, ''स्वतंत्र, निष्पक्ष और हिंसा-मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आठ से 10 अप्रैल के बीच चक्रवात की आशंका को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त शेड बनाए गए हैं।'' पिछले साल दिसंबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

नगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

April 9, 2026 8:57 am

नगालैंड में कोरीडांग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान बृहस्पतिवार सुबह से जारी है। चुनाव से संबंधित हिंसा की घटना में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है। पिछले साल 11 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं इस सीट से विधायक इम्कोमग एल. इम्चेन (75) के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। इस विधानसभा उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ 'पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस' (पीडीए) का हिस्सा रही भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे दाओचिर आई. इम्चेन को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने टी. चालुकुम्बा आओ को इस सीट से मनोनीत किया है। 'नेशनल पीपुल्स पार्टी' के उम्मीदवार आई. अबेनजांग हैं और निर्दलीय उम्मीदवारों में इम्चटोबा इम्चेन, इम्तिवापांग और तोशिकाबा शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सभी 30 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और यह शाम चार बजे तक जारी रहेगा। इस चुनाव में कुल 22,382 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 11,071 महिलाएं शामिल हैं। कुल मतदान केंद्रों में से 13 को संवेदनशील और 17 को अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है जहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है। दो मतदान केंद्रों पर सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। पांच और छह अप्रैल को हुई हिंसा के बाद पूरे निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

पुडुचेरी में कुल 294 उम्मीदवार मैदान में

April 9, 2026 8:57 am

पुडुचेरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इस चुनाव में 9.50 लाख मतदाता सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) गठबंधन के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पुडुचेरी और इसके कराईकल, माहे तथा यानम क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर उत्साह के साथ सुबह से कतार में खड़े दिखे। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। केंद्र शासित प्रदेश में पुडुचेरी के 23 विधानसभा क्षेत्र, कराईकल के पांच क्षेत्र तथा माहे और यानम की एक-एक विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। कुल 9.50 लाख मतदाताओं में महिलाओं की संख्या (5.03 लाख) पुरुष मतदाताओं (4.46 लाख) से अधिक है। अधिकारियों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में 1,099 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 209 को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है और कुल 294 उम्मीदवार मैदान में हैं।

केरल में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान

April 9, 2026 8:57 am

केरल विधानसभा की सभी 140 सीट के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मतदाता राज्य के 30,495 मतदान केंद्रों पर सुबह जल्दी पहुंचने लगे ताकि दिन चढ़ने के साथ बढ़ने वाली गर्मी से बचा जा सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन अपनी पत्नी और बेटी के साथ परवूर निर्वाचन क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए सुबह जल्दी पहुंचे। इसी तरह वट्टियूरकावु विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार आर श्रीलेखा और पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने भी सुबह जल्दी पहुंचकर मतदान किया। मतदान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जारी है। इसके तहत 76,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और वेबकास्टिंग प्रणाली का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। राज्य की 140 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करीब 2.71 करोड़ मतदाता करेंगे। निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 'ट्रांसजेंडर' शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी हैं। इस चुनावी प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) ने 1.42 लाख प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की है।

असम में विधानसभा की सभी 126 सीटों के लिए मतदान

April 9, 2026 8:57 am

असम विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए मतदान शुरू हो गया जिसमें 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है। इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।

This Live Blog has Ended
Advertisement
×