Assembly Election 2026 : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अब तक 91.78 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है, जो आजादी के बाद से राज्य में किसी चुनाव में दर्ज सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है। पहले चरण के चुनाव में पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 सीट पर सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ।
इन सीटों पर 167 महिलाओं सहित कुल 1,478 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यह आजादी के बाद से बंगाल में दर्ज अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है। राज्य में दूसरे चरण के चुनाव में 142 सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती चार मई को की जाएगी।
तमिलनाडु में शाम छह बजे तक 84 फीसदी से अधिक मतदान
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए रिकॉर्ड 84 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम छह बजे तक राज्य के 5.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 84.29 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इससे पहले, तमिलनाडु में 2011 के विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक 78.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जब ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने शानदार जीत हासिल की थी।
लगभग 6.29 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे
तमिलनाडु में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान राज्य में मतदाताओं की संख्या अक्टूबर 2025 में दर्ज 6.41 करोड़ से घटकर 5.73 करोड़ रह गई थी। वर्ष 2021 के चुनावों में लगभग 6.29 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। यह संख्या इस चुनाव में पंजीकृत मतदाताओं से 56 लाख अधिक है।
महाराष्ट्र उपचुनाप में बारामती, राहुरी में 50 प्रतिशत मतदान दर्ज
महाराष्ट्र के पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शाम पांच बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बारामती विधानसभा सीट तत्कालीन उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार की 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में मृत्यु के कारण रिक्त हो गई थी। इस सीट से उनकी पत्नी, उपमुख्यमंत्री और राकांपा प्रमुख सुनेत्रा पवार और 22 अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं। बारामती से चुनाव लड़ रहीं सुनेत्रा पवार ने अपना वोट डाला और मतदाताओं से अपने दिवंगत पति अजित पवार को श्रद्धांजलि स्वरूप उन्हें समर्थन देने की अपील की।
मुर्शिदाबाद और बीरभूम में तनाव
मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। AJUP संस्थापक हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि TMC कार्यकर्ता पुलिस के साथ मिलकर मतदाताओं को डरा रहे हैं। वहीं, बीरभूम के लाभपुर में भाजपा उम्मीदवार के पोलिंग एजेंट पर हमले की खबर है, जिसमें उनके सिर में चोट आई है।
दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज में भी भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमले का आरोप लगा है। निर्वाचन आयोग ने इन सभी घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
EVM में तकनीकी खामियां
राज्य में मतदान प्रक्रिया आमतौर पर शांतिपूर्ण रही, हालांकि ईरोड और नामक्कल के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में मामूली तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। अधिकारियों के अनुसार, इन मशीनों को तुरंत बदलकर या ठीक कर मतदान फिर से सुचारू कर दिया गया।
सुरक्षा के लिहाज से दोनों राज्यों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की भारी तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जा रही है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
पश्चिम बंगाल : डोमकल में मतदाताओं को धमकाने के आरोपों पर चुनाव आयोग सख्त, रिपोर्ट तलब
April 23, 2026 11:38 am
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल क्षेत्र में तनाव की खबरें सामने आई हैं। यहां मतदाताओं को डराने-धमकाने और मतदान से रोकने के गंभीर आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने स्थानीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। जानकारी के अनुसार, रायपुर गांव सहित कई इलाकों में मतदाताओं ने आरोप लगाया कि सुबह से ही हथियारबंद लोग उन्हें वोट डालने से रोक रहे थे। ग्रामीणों का दावा है कि मतदान केंद्र जाने पर उन्हें मारपीट की चेतावनी दी गई। ये आरोप सीधे तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर लगाए गए हैं, हालांकि पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में पुलिस और केंद्रीय बलों की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। शिकायतों के बाद प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस और केंद्रीय बल तैनात किए। इसके बाद मतदाताओं को सुरक्षा घेरे में लेकर पोलिंग बूथ तक पहुंचाया गया, जिसके बाद क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से दोबारा शुरू हो सकी।
ईवीएम खराबी और हिंसा ने डाली चुनावी रंग में भंग
April 23, 2026 10:53 am
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 152 और तमिलनाडु की 234 सीटों पर बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हुआ। बंगाल में सुबह 9 बजे तक 18.76% मतदान दर्ज किया गया, लेकिन कई इलाकों में ईवीएम खराबी और हिंसा ने चुनावी प्रक्रिया में खलल डाला। मुर्शिदाबाद, नंदीग्राम और सिलीगुड़ी के कई बूथों पर तकनीकी खराबी के कारण मतदान देरी से शुरू हुआ। वहीं, मुर्शिदाबाद के नाओदा में देसी बम फेंके जाने से एक महिला घायल हो गई। शीतलकुची में भाजपा नेता और डोमकल में माकपा कार्यकर्ता पर हमले की खबरें भी आईं। झाड़ग्राम में एक मतदान केंद्र के बाहर हाथी दिखने से मतदाताओं में दहशत फैल गई। दूसरी ओर, तमिलनाडु में स्थिति शांतिपूर्ण है, जहां मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और रजनीकांत जैसे दिग्गजों ने मतदान किया। बंगाल में शेष 142 सीटों पर मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे।
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में किया मतदान, व्यवस्थाओं की सराहना की
April 23, 2026 10:08 am
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज दिग्गजों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नेता प्रतिपक्ष और भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार सुबह करीब 8:00 बजे नंदीग्राम के बूथ नंबर 79 पर वोट डाला। मतदान के बाद अधिकारी ने निर्वाचन आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों के इंतजामों की सराहना की। उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान की अपील करते हुए कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शुभेंदु नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। उनके अलावा खड़गपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष और नंदीग्राम से टीएमसी उम्मीदवार पवित्र कर ने भी मतदान किया। राज्य की 152 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी है।