Suvendu Adhikari Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली जो एक ऐसा महत्वपूर्ण क्षण है जिसने भगवा राजनीति के प्रति दशकों के प्रतिरोध के बाद राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया और इसी के साथ राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी।
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नयी मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
भाजपा ने शपथग्रहण समारोह के लिए ब्रिगेड परेड मैदान को चुना, जो कभी वाम दलों की विशाल रैलियों का गढ़ था और बाद में तृणमूल कांग्रेस के लिए भी एक प्रमुख राजनीतिक मैदान रहा। पश्चिम बंगाल में भाजपा के उदय के प्रमुख शिल्पकारों में शामिल शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शपथ ली। इस दौरान भाजपा के हजारों समर्थक समारोह स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने भगवा झंडे लहराए और ''जय श्रीराम'' के नारे लगाए। भाजपा ने हाल में हुए चुनाव में 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट हासिल कीं। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया और पूर्वी भारत में भाजपा ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी सफलता दर्ज की।
इस समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, उद्योगपति और फिल्म जगत की हस्तियां शामिल हुईं। भाजपा खेमे ने इस आयोजन को ''डबल इंजन'' सरकार के तहत ''सोनार बांग्ला'' की शुरुआत के रूप में पेश किया। अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को हराया और नंदीग्राम सीट भी बरकरार रखी। उन्हें शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।
![]()
West Bengal CM oath ceremony LIVE: शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
May 9, 2026 11:48 am
West Bengal CM oath ceremony LIVE: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शुभेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। भाजपा ने 294-सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट हासिल कर राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया।
West Bengal CM oath ceremony LIVE: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में उमड़े भाजपा समर्थक
May 9, 2026 11:48 am
West Bengal CM oath ceremony LIVE: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए उत्तर बंगाल के अलावा झारखंड जैसे पड़ोसी राज्यों सहित देश-विदेश से भाजपा के हजारों समर्थक शनिवार को कोलकाता पहुंचे, जिससे ब्रिगेड परेड मैदान भगवा रंग में रंग गया। मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत शुभेंदु अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कई केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। भाजपा के झंडे और भगवा बैनर लिए समर्थकों के समूह सुबह से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर एकत्र हुए और फिर ''जय श्री राम'' के नारों एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में लगाए जा रहे नारों के बीच कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े। पार्टी कार्यकर्ताओं के एक समूह के साथ झारखंड से कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे भाजपा के एक समर्थक ने कहा, ''यह ऐतिहासिक दिन है। हम पश्चिम बंगाल को तृणमूल कांग्रेस के चंगुल से आजाद होते देखने आए हैं।'' धोती-पायजामा पहने एक व्यक्ति ने कहा कि वह इस ऐतिहासिक अवसर को प्रत्यक्ष रूप से देखने के लिए कनाडा से आए हैं। विशाल ब्रिगेड परेड मैदान में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। लोक प्रस्तुतियों और भक्ति संगीत ने शपथ ग्रहण समारोह के माहौल को और खास बना दिया। पारंपरिक छऊ नृत्य मंडलियों और जनजातीय नृत्य प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों का मनोरंजन किया। मुख्य मंच की पृष्ठभूमि में पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया जिसमें दक्षिणेश्वर मंदिर, देवी दुर्गा और राज्य की पहचान से जुड़े अन्य पारंपरिक प्रतीकों की झलक नजर आई। समर्थक ढोल बजाते और नाचते हुए पहुंचे। कई लोग इस अवसर को राज्य में सत्ता परिवर्तन का राजनीतिक उत्सव मान रहे हैं। कार्यक्रम में स्थानीय रंग जोड़ते हुए समर्थकों में 'झालमुड़ी' के पैकेट वितरित किए गए। यह लोकप्रिय बंगाली नाश्ता हाल में उस समय चर्चा में आया था, जब मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान झारग्राम में एक रैली के बाद सड़क किनारे एक दुकान पर 'झालमुड़ी' खाई थी।
West Bengal CM oath ceremony LIVE: बंगाल के लिए ऐतिहासिक सवेरा, 'सोनार बांग्ला' के दिन शुरू हो गए हैं : शुभेंदु अधिकारी
May 9, 2026 11:42 am
West Bengal CM oath ceremony LIVE: पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि शनिवार से 'सोनार बांग्ला' के दिन आधिकारिक रूप से शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के सत्ता संभालने के साथ ही ''डबल इंजन'' प्रशासन के तहत ''शांति और समृद्धि'' के नए युग की शुरुआत हो रही है। अधिकारी ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट किया और इस अवसर को ''हमारे संस्थापक नेताओं के सपनों का साकार होना'' बताया। उन्होंने पोस्ट किया, ''पश्चिम बंगाल के लिए यह वास्तव में एक ऐतिहासिक सवेरा है। 'सिटी ऑफ जॉय' में दूरदर्शी नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का स्वागत करना गर्व और हर्ष का क्षण है। आज, जब हम स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बन रहे हैं, तब हम अपने संस्थापक नेताओं के सपनों को साकार कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''आज दशकों के कुशासन का अंत और विकास, शांति तथा समृद्धि के डबल इंजन युग की शुरुआत हो रही है। 'सोनार बांग्ला' का दौर आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है।'' हाल ही में संपन्न 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने वाली भाजपा राज्य में पहली बार अपनी सरकार बनाने जा रही है।
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से पहले कोलकाता में सुरक्षा कड़ी की गई
May 9, 2026 11:26 am
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के पहले शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व शनिवार को कोलकाता के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित शुभेंदु अधिकारी के आवास, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां अधिकारी के चिनार पार्क स्थित आवास के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात देखे गए। आरसीटीसी ग्राउंड पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समारोह में शामिल होने से पहले यहां उतरने की संभावना है। नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के स्थल 'ब्रिगेड परेड ग्राउंड' पर केंद्रीय बलों और कोलकाता पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर भी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात किए गए हैं। भाजपा ने राज्य के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जिससे तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के लंबे शासन को अंत हो गया है। इस बीच, शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर बंगाल और पड़ोसी राज्यों, यथा- झारखंड से भाजपा के समर्थक यहां पहुंचने लगे हैं।
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के शपथ समारोह के लिए ब्रिगेड ग्राउंड पहुंचे
May 9, 2026 11:26 am
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए शुभेंदु अधिकारी के साथ पहुंचे मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। 'जय श्री राम' के नारों के बीच मोदी खुले वाहन पर सवार होकर समारोह स्थल में दाखिल हुए और हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री सुबह करीब दस बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिये रेस कोर्स मैदान पहुंचे, जहां से वह सड़क मार्ग से समारोह स्थल पर पहुंचे। सुबह से ही हजारों भाजपा समर्थक शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जमा होने लगे। भाजपा ने 294-सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट जीतकर राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत किया है।
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: बंगाल में भाजपा सरकार जनता की आकांक्षाओं, श्यामा प्रसाद के सपनों को पूरा करेगी : दिलीप घोष
May 9, 2026 11:06 am
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में बनने वाली पार्टी की पहली सरकार जनता की आकांक्षाओं और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करेगी। राज्य में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले खड़गपुर सदर के विधायक घोष ने कहा कि पार्टी ने पूर्वी भाग में राजनीतिक परिवर्तन लाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। घोष ने कहा, ''हमने लंबे समय तक संघर्ष किया। अब उसका परिणाम सामने आया है और सत्ता परिवर्तन हो चुका है। हमें जनता की इच्छाओं और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने के लिए काम करना होगा।'' उन्होंने कहा कि नयी सरकार राज्य में ''तृणमूल कांग्रेस के कुशासन'' के खिलाफ पार्टी के संघर्ष के दौरान जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देगी। पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्य शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में शपथ लेने वाले हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।