Bhagwant Maan:सिख सिद्धांतों और संस्थाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में श्री अकाल तख्त से तलब किए जाने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को श्री अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री मान ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने कभी भी अकाल तख्त को चुनौती नहीं दी और न ही ऐसा करने का उनका कोई इरादा है। उन्होंने कहा, “अकाल तख्त सर्वोच्च है और मैं एक विनम्र सिख के रूप में यहां आया हूं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने बयानों और शिकायतों को लेकर लिखित स्पष्टीकरण जत्थेदार को सौंपा है। उनके अनुसार, लगभग 25 हजार पन्नों की शिकायतें और साक्ष्य अकाल तख्त को दिए गए हैं, जिन्हें जांच के बाद परखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि लापता स्वरूपों के मामले की जांच के पीछे कोई राजनीति नहीं है।
मुख्यमंत्री मान ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर भी पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो फर्जी या एआई से तैयार किया गया है। उन्होंने जत्थेदार से कहा कि इसकी फॉरेंसिक जांच राज्य या देश की किसी भी प्रयोगशाला से कराई जा सकती है।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलाकात से पहले सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई गईं, लेकिन उन्होंने कभी श्री अकाल तख्त की मर्यादा पर सवाल नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि वे श्री अकाल तख्त के फैसले का सम्मान करेंगे।
गौरतलब है कि 5 जनवरी को श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ने मुख्यमंत्री को 15 जनवरी सुबह 10 बजे अकाल तख्त सचिवालय में पेश होने के लिए तलब किया था। यह समन मुख्यमंत्री के पिछले आचरण को लेकर सिख सिद्धांतों और संस्थाओं के कथित अपमान से जुड़े आरोपों पर स्पष्टीकरण के लिए जारी किया गया था।
स्पष्टीकरण पर पांच सिंह साहिबान की बैठक में विचार होगा
January 15, 2026 2:09 pm
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने सीएम भगवंत की सफाई पर तस्सली जताते हुए कहा कि मान ने माना है कि उनकी ओर से सिख सिद्धांतों, परंपराओं व मर्यादा के बारे में की गई बयानबाजी ठीक नहीं थी। गड़गज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि भविष्य में वह ऐसे मामलों में टिप्पणी को लेकर सतर्कता बरतेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान सीएम अपने साथ कूछ रिकार्ड भी लेकर आए थे, जो श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में रख लिए गए हैं। इनकी जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री के स्पष्टीकरण पर पांच सिंह साहिबान की बैठक में विचार किया जाएगा।
11:32 बजे श्री अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे सीएम मान
January 15, 2026 11:56 am
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पीली पगड़ी पहनकर सुबह 11:16 बजे परंपरागत घंटाघर द्वार से श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में प्रवेश कर मत्था टेका। इसके बाद मुख्यमंत्री 11:32 बजे श्री अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री अपने साथ दो बैग लेकर पहुंचे हैं, जिनमें कथित तौर पर कुछ सबूत मौजूद बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की श्री अकाल तख्त सचिवालय में पेशी को लेकर परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री की इस पेशी पर राजनीतिक और धार्मिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।
शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम
January 15, 2026 11:00 am
राष्ट्रपति दौरे और अकाल तख्त में होने वाली पेशी को देखते हुए अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई मार्गों को डायवर्ट किया गया है, जबकि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट रोहित गुप्ता ने शहर में ड्रोन और अन्य हवाई उपकरणों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
राष्ट्रपति दौरे के चलते बढ़ी सुरक्षा
January 15, 2026 11:00 am
इस बीच, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर अमृतसर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री और राज्यपाल दोनों ही सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति में कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस राष्ट्रपति का स्वागत कर सकते हैं और दीक्षांत समारोह में उनके साथ रहेंगे।
बैठक का समय बदला गया, फिर भी विवाद
January 15, 2026 11:00 am
सूत्रों के अनुसार, पहले यह बैठक सुबह 10 बजे होनी थी, जिसे बाद में शाम 4:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। इसका कारण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (GNDU) में प्रस्तावित दौरा बताया गया। हालांकि, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया है कि उन्होंने राष्ट्रपति के कार्यक्रम सहित अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और राष्ट्रपति कार्यालय को पहले ही सूचित कर दिया गया था। सीएम ने स्पष्ट किया है कि वह अकाल तख्त के बुलावे को प्राथमिकता देते हुए सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर ही पेश होने के लिए तैयार हैं।
सचिवालय ने की पूरी तैयारी
January 15, 2026 11:00 am
श्री अकाल तख्त सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के निर्देशानुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारी के अनुसार, “बैठक का सटीक समय अभी स्पष्ट नहीं है। सचिवालय सामान्य रूप से सुबह 9:30 बजे खुलता है। मुख्यमंत्री की पेशी को लेकर विशेष स्टाफ की तैनाती समेत सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।”