Maharashtra civic polls LIVE: महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार सुबह 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। राज्यभर में सुबह 7:30 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा। इन चुनावों में सबसे ज्यादा ध्यान मुंबई पर केंद्रित है, जहां देश के सबसे समृद्ध नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर कब्जे को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा-नेतृत्व वाले महायुति और ठाकरे बंधुओं के गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
बीएमसी चुनाव के लिए पहले चार घंटों में औसतन 17.73 प्रतिशत मतदान
January 15, 2026 2:11 pm
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जारी मतदान के पहले चार घंटों में औसतन 17.73 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीएमसी के एक प्रवक्ता के अनुसार पूर्वाह्न 11:30 बजे तक औसत मतदान प्रतिशत 17.73 रहा। नगर निगम अधिकारियों द्वारा साझा किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उपनगरों के वार्ड संख्या 114 में सबसे अधिक 26.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण मुंबई के वार्ड संख्या 227 में सबसे कम 6.23 प्रतिशत मतदान हुआ। कई अन्य वार्डों में भी अपेक्षाकृत अधिक भागीदारी देखी गई जो 23 प्रतिशत से अधिक रही, वहीं कुछ इलाकों में मतदान प्रतिशत एक अंक में रहा, जो सुबह के घंटों के दौरान पूरे महानगर में असमान मतदाता भागीदारी को दर्शाता है। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ जो शाम 5:30 बजे तक जारी रहेगा। महानगर में 227 वार्ड हैं।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव की मतगणना 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी: निकाय आयुक्त
January 15, 2026 11:45 am
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी। बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गगरानी ने पत्रकारों को बताया कि सभी वार्डों के लिए वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू होगी। नतीजों की घोषणा में सामान्य से देरी हो सकती है। गगरानी ने कहा, ‘‘इसमें सामान्य से एक घंटा अधिक समय लग सकता है।''
मुंबई बीएमसी चुनाव: अक्षय कुमार, सान्या मल्होत्रा ने किया मतदान
January 15, 2026 11:20 am
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, सान्या मल्होत्रा और अन्य हस्तियों ने बृहस्पतिवार सुबह बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में मतदान किया। अक्षय कुमार सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल थे और उन्होंने मुंबई के लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने और सही उम्मीदवार को चुनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज वह दिन है जब मुंबईवासियों के हाथों में ‘‘रिमोट कंट्रोल'' (जन प्रतिनिधियों को चुनने का) है। अभिनेता ने कहा कि इसलिए लोगों को बिजली, पानी और सड़क के मुद्दों पर बाद में शिकायत करने के बजाय, बाहर आकर मतदान करना चाहिए। कुमार ने अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से कहा , ‘‘तो अब हमारी बारी है और हम सबको बाहर निकलकर सही व्यक्ति को चुनने के लिए वोट देना चाहिए। अगर आप मुंबई के असली हीरो बनना चाहते हैं, तो बातें करने के बजाय वोट देने आइए।'' उनकी अभिनेत्री-लेखिका पत्नी ट्विंकल खन्ना ने भी वोट डाला। ट्विंकल खन्ना ने कहा, ‘‘ इससे हमें यह एहसास होता है कि हमारा भी नियंत्रण है। मैं हमेशा मतदान करती हूं और आशावान भी रहती हूं।'' अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा और संगीतकार विशाल ददलानी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी बीएमसी चुनाव के लिए अपने मताधिकार का उपयोग किया।
सुबह साढ़े नौ बजे तक 6.98 प्रतिशत मतदान
January 15, 2026 11:19 am
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जारी मतदान के पहले दो घंटों में औसतन 6.98 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीएमसी के प्रवक्ता ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे तक औसत मतदान प्रतिशत 6.98 रहा। नगर निकाय द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि वार्डों में मतदान में व्यापक भिन्नता है। पश्चिमी उपनगरों के वार्ड नंबर 18 में सबसे अधिक 11.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी उपनगरों के वार्ड नंबर 162 में सुबह 9.30 बजे तक सबसे कम 1.68 प्रतिशत मतदान हुआ।
‘नोटा' परोक्ष रूप से अवांछित उम्मीदवारों को बढ़ावा देता है: निकाय चुनाव में मतदान के बाद बोले भागवत
January 15, 2026 9:33 am
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने बृहस्पतिवार सुबह नागपुर महानगरपालिका (एनएमसी) चुनाव में अपना वोट डाला और कहा कि ‘नोटा' का विकल्प चुनने से परोक्ष रूप से अवांछित उम्मीदवारों को बढ़ावा मिलता है। नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भागवत शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। वह सुबह करीब साढ़े सात बजे नागपुर के महल इलाके में स्थित एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि चुनाव लोकतंत्र का एक अनिवार्य हिस्सा है और इसलिए मतदान करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी लोग चुनाव के दौरान एक योग्य उम्मीदवार को ही वोट दें। आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘इसलिए, आज मैंने सबसे पहला काम यह किया कि वोट डाला।'' चुनाव में मतदाताओं के लिए उपलब्ध ‘‘उपरोक्त में से कोई नहीं'' (नोटा) विकल्प के संबंध में उन्होंने कहा, ‘‘नोटा का मतलब है कि आप सभी को अस्वीकार करते हैं और ऐसा करके हम एक ऐसे व्यक्ति को बढ़ावा देते हैं जिसे कोई नहीं चाहता।'' उन्होंने कहा कि ‘नोटा' लोगों को अपनी असहमति व्यक्त करने का एक विकल्प देता है लेकिन किसी को भी वोट नहीं देने से बेहतर है कि किसी को वोट दिया जाए। आरएसएस के पूर्व सर कार्यवाह और केंद्रीय समिति के सदस्य भैयाजी जोशी भी शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे। उन्होंने चुनाव में मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनादेश से बनती हैं, जिसे अक्सर चुनाव के माध्यम से व्यक्त किया जाता है जहां नागरिक अपने प्रतिनिधियों के लिए मतदान करते हैं। जोशी ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि लोकतंत्र में हर कोई अपने मताधिकार का इस्तेमाल करे। लोकतंत्र में सरकार जनादेश से बनती है और यह अपेक्षा की जाती है कि चुनी हुई सरकार जनता की अपेक्षाओं को पूरा करे।'' पिछले नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुल 151 सीट में से 108 सीट जीतीं, वहीं कांग्रेस ने 28, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 10, शिवसेना (तब अविभाजित) ने दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अविभाजित) ने एक सीट जीती थी। राज्य में 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान जारी है।
छह साल बाद हो रहे नगर निकाय चुनाव
January 15, 2026 9:24 am
गौरतलब है कि राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव छह साल से अधिक समय के अंतराल के बाद हो रहे हैं। इन निकायों का कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो चुका था। इन नगर निगमों में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, नागपुर, नासिक, कल्याण-डोंबिवली, वसई-विरार, मीरा-भायंदर, उल्हासनगर, भिवंडी-निजामपुर, पनवेल, सोलापुर, अमरावती, अकोला, लातूर, नांदेड़-वाघाला, चंद्रपुर, परभणि, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड़, जलगांव, धुले, जालना, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर और अहिल्यानगर शामिल हैं।
बदले सियासी समीकरण
January 15, 2026 9:24 am
चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में कई अहम घटनाक्रम देखने को मिले। दो दशक पहले अलग हुए चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे मराठी मतदाताओं को एकजुट करने के मकसद से फिर साथ आए हैं। वहीं, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। इस बीच, विपक्षी कांग्रेस ने मुंबई में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने के लिए महाविकास आघाडी (एमवीए) से अलग राह चुनी है। कांग्रेस ने यहां शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और शरद पवार की राकांपा (एसपी) से अलग होकर प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी और राष्ट्रीय समाज पक्ष के साथ गठबंधन किया है। नागपुर में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही है।
बीएमसी चुनाव सबसे अहम
January 15, 2026 9:24 am
बीएमसी चुनाव में 227 सीटों के लिए करीब 1,700 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। बीएमसी का वार्षिक बजट लगभग 74,000 करोड़ रुपये है, जिससे यह देश की सबसे अमीर महानगरपालिका मानी जाती है। मुंबई को छोड़कर राज्य की अन्य सभी नगर निकायों में बहुसदस्यीय वार्ड प्रणाली लागू है। यह 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहला बीएमसी चुनाव है। उसी वर्ष एकनाथ शिंदे पार्टी के अधिकांश विधायकों के साथ अलग हुए थे और बाद में शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न उनके गुट को मिला। गौरतलब है कि अविभाजित शिवसेना ने करीब 25 वर्षों तक बीएमसी पर शासन किया है।