Kerala CM Oath Ceremony Live: केरल में करीब एक दशक बाद सत्ता परिवर्तन के साथ सोमवार को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने सीएम पद की शपथ ली। उनके साथ यूडीएफ मंत्रिमंडल ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई बड़े नेता शामिल हुए हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन ने निर्णायक जीत दर्ज करते हुए माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ को सत्ता से बाहर कर दिया था। इसके साथ ही कर्नाटक और तेलंगाना के बाद केरल दक्षिण भारत का तीसरा कांग्रेस शासित राज्य बन गया है।
राजधानी तिरुवनंतपुरम में वीआईपी मूवमेंट और समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने सुबह से ही कई मार्गों पर यातायात नियंत्रण लागू किया है। (एजेंसी के इनपुट के साथ)
मंत्रिमंडल में दो महिलाएं और अनुसूचित जाति समुदाय के दो सदस्य शामिल
May 18, 2026 11:42 am
केरल में वी डी सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां कांग्रेस विधायक दल के नेता को पद की शपथ दिलाई। सतीशन ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। सतीशन के अलावा उनके 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को भी यहां आयोजित भव्य समारोह में शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वाले 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, ए पी अनिल कुमार और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ शामिल हैं। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के वरिष्ठ नेता पी के कुन्हालीकुट्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस नेता मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) नेता अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) नेता सी पी जॉन ने भी शपथ ली। मंत्रिमंडल में 14 नए चेहरे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री सतीशन भी शामिल हैं। वह 2001 से परवूर से निर्वाचित हो रहे हैं और पहली बार सरकार में पद संभाल रहे हैं। मंत्रिमंडल में दो महिलाएं और अनुसूचित जाति समुदाय के दो सदस्य शामिल हैं। सीएमपी नेता जॉन और आईयूएमएल नेता एन शम्सुद्दीन, के एम शाजी, पी के बशीर तथा वी ई अब्दुल गफूर भी मंत्रिमंडल में नए चेहरों में शामिल हैं। कांग्रेस नेता पी सी विष्णुनाध, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी सिद्दीकी, के ए तुलसी और ओ जे जनीश भी पहली बार मंत्री बने हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, वामपंथी नेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रतिनिधि भी समारोह में शामिल हुए। मंत्रिमंडल के सदस्यों ने जैसे ही एक-एक करके मंत्री पद की शपथ ली, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों यूडीएफ कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारे लगाए। इस कार्यक्रम के लिए केरल भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य की राजधानी पहुंचे थे। केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे और परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 102 सीट जीतीं, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने 35 सीट हासिल कीं और भाजपा ने तीन सीट जीतीं।
राज्यपाल ने दिलाई सतीशन को शपथ
May 18, 2026 10:32 am
कांग्रेस के वी.डी. सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली; राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।
हजारों यूडीएफ कार्यकर्ता नई कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे
May 18, 2026 10:22 am
केरल की राजधानी सोमवार को मानो सफेद रंग के समंदर में तब्दील हो गई जब राज्य भर से हजारों यूडीएफ कार्यकर्ता और समर्थक नयी सरकार के शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के लिए तिरुवनंतपुरम पहुंचे। राज्य विधानसभा चुनाव में करीब एक दशक बाद वामपंथी शासन को हटाकर सत्ता में आई कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राज्य भर से हजारों कार्यकर्ता तिरुवनंतपुरम पहुंचे हैं। सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह के लिए बनाया गया पवेलियन यूडीएफ कार्यकर्ताओं और समर्थकों से खचाखच भरा हुआ है। सफेद खादी की कमीज और 'मुंडू' पहने ये कार्यकर्ता विभिन्न गठबंधन सहयोगी दलों के झंडे लहराते और गठबंधन के पक्ष में नारे लगाते दिखे। उमस भरे मौसम के बावजूद बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं। कई अन्य लोग जिन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं मिल पाया था वे भी बड़ी संख्या में स्टेडियम के आसपास एकत्रित हुए। कई लोगों ने पत्रकारों से कहा कि वे ''अपने गठबंधन को सत्ता में वापस देखने के लिए 10 साल से इंतजार कर रहे थे'' और उन्होंने दावा किया कि यह एक बेहतर सरकार होगी। एक समर्थक ने कहा, ''10 साल बाद यूडीएफ सरकार की सत्ता में वापसी से हर कांग्रेस कार्यकर्ता में नयी ऊर्जा आ जाएगी।'' लोगों ने पवेलियन के अंदर और बाहर बज रहे ढोल की थाप पर नृत्य भी किया और अपने गठबंधन की सत्ता में वापसी का जश्न मनाया। सुबह आठ बजे से ही पार्टी नेता, निर्वाचित विधायक और सांसद एक के बाद एक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते नजर आए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के मद्देनजर राज्य की राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) और यूडीएफ समर्थकों के तिरुवनंतपुरम आने के मद्देनजर यातायात की विशेष व्यवस्था भी की गई है। राजधानी तिरुवनंतपुरम में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक यातायात और पार्किंग नियम लागू हैं। केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे और परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीट, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने 35 सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीट जीतीं। विधायकों को 21 मई को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद 22 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। सदन में राज्यपाल का औपचारिक अभिभाषण 29 मई को निर्धारित है और राज्य का बजट पांच जून तक पेश किए जाने की संभावना है।
लोगों की खुशी और शांतिपूर्ण जीवन मेरी प्राथमिकता रहेगी: रमेश चेन्निथला
May 18, 2026 10:16 am
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि राज्य की नई चेन्निथला सरकार में मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता केरल के लोगों को खुशी और शांतिपूर्ण जीवन प्रदान करने की होगी। चेन्निथला ने कहा कि राज्य में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ऐसी सरकार होगी जो केरल के लोगों को उम्मीद देगी। राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शपथ लेने से कुछ घंटे पहले उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, "मेरी प्राथमिकता राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखकर लोगों के लिए खुशी और शांतिपूर्ण जीवन सुनिश्चित करना होगा।" गृह विभाग का प्रभार दिए जाने के संबंध में उन्होंने कहा, "इस बार मुख्यमंत्री ने मुझसे कहा कि मैं अपनी पसंद का कोई भी विभाग चुन सकता हूं। पार्टी नेतृत्व के निर्देश और लोगों की इच्छा को ध्यान में रखते हुए मैंने गृह मंत्री के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल होने का फैसला किया।" चेन्निथला ने कहा कि 26 वर्ष की उम्र में मंत्री बनने के बाद से पार्टी ने उन्हें कई अवसर दिए हैं। उनके मुताबिक, इतनी कम उम्र में मंत्री बनना राज्य में एक रिकॉर्ड था। उन्होंने यह भी कहा कि हरिपाद विधानसभा सीट से जितनी बार भी उन्होंने जीत हासिल की, उनकी जीत का अंतर हर बार बढ़ता गया, जो उनके प्रति जनसमर्थन को दर्शाता है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि यूडीएफ मंत्रिमंडल के सभी मंत्री जनता के सपनों और कल्याण के लिए काम करेंगे।