Haryana Independence Day Live: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया। उन्होंने परेड की सलामी भी ली और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने यमुनानगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया।
बिजली एवं परिवहन मंत्री ने अपने गृह जिले अंबाला में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सिरसा में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उपायुक्त शान्तनु शर्मा और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन समेत प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट किया और मुख्य अतिथि श्याम सिंह राणा को सलामी दी। समारोह स्थल पर देशभक्ति का माहौल बना हुआ है।
नूंह में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने फहराया तिरंगा, मेवात के विकास के लिए किए बड़े ऐलान
August 15, 2026 1:30 pm
![]()
नूंह से हमारे प्रतिनिधि मोहम्मद शाहिद मेवाती के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय नूंह में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों का सम्मान भी किया गया। ध्वजारोहण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि उन्हें नूंह जिले में तिरंगा फहराने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने 1857 की क्रांति से लेकर आजादी की विभिन्न लड़ाइयों में शहीद हुए मेवात और देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सरकारी और निजी स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति की भी सराहना की। मेवात के विकास और स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि नूंह से गुजरने वाले दिल्ली-अलवर रोड, जिसे खूनी रोड के नाम से जाना जाता है, के निर्माण में हो रही देरी उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि इस सड़क का टेंडर जारी हो चुका है और उम्मीद है कि बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री मेवात के विकास को लेकर गंभीर हैं और क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। मेवात विश्वविद्यालय और दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर मेवात के पास मरोड़ा कट की मांग का मुद्दा भी उनके सामने उठाया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पिंटू और अन्य स्थानीय नेताओं ने उनसे इस संबंध में चर्चा की है। वह इस मांग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखेंगे और व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि केंद्रीय मंत्री की ओर से इस पर सकारात्मक जवाब मिलेगा। देश भर में युवाओं द्वारा शिक्षा और अन्य मुद्दों पर किए जा रहे प्रदर्शनों पर सांसद ने कहा कि प्रदर्शन करना छात्रों का मौलिक अधिकार है, लेकिन यह एक दायरे में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई कमी है तो उसे सरकार के संज्ञान में लाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री भी इस संबंध में आश्वासन दे चुके हैं। युवा पीढ़ी को अपने भविष्य के बारे में सोचते हुए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए और देश की तरक्की में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े हर मुद्दे पर गंभीरता से काम कर रही है।
आजादी के 80वें वर्ष पर यमुनानगर में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन
August 15, 2026 10:09 am
![]()
हमारे प्रतिनिधि सुरेंद्र मेहता के अनुसार आजादी के 80वें वर्ष के अवसर पर यमुनानगर में राज्य स्तरीय स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार दोष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समां बांधा। यमुनानगर में आयोजित स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगा फहराते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। राज्यपाल असीम कुमार घोष ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और उत्साह का दिन है। देश की आजादी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु, खुदीराम बोस और शहीद-ए-आजम भगत सिंह सहित सभी वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी भी है। आज भारत डिजिटल तकनीक, उद्योग, शिक्षा और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी पहल देश को नई मजबूती दे रही हैं। राज्यपाल ने हरियाणा के विकास में किसानों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक और नई पद्धतियों को अपनाकर किसान प्रदेश की कृषि व्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं। राज्यपाल ने लोगों से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में सरकार के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।