Haryana Nikay Chunav 2026 Live: हरियाणा में रविवार को अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों समेत विभिन्न स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान जारी है। अधिकारियों के अनुसार दोपहर एक बजे तक औसतन 25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में महापौर और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।
इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। वहीं रोहतक जिले की सांपला नगर समिति, रेवाड़ी जिले की धारूहेड़ा नगर समिति और हिसार जिले की उकलाना नगर समिति में अध्यक्ष और पार्षदों के लिए मतदान हो रहा है।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: कई जगह उपचुनाव भी
निकाय चुनाव के साथ-साथ टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और साढौरा में नगर परिषदों और नगर समितियों के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव भी कराए जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया जारी है। मतों की गिनती 13 मई को होगी।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इन निकाय चुनावों में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और शहरी सुविधाओं को लेकर दोनों दलों ने जोरदार प्रचार अभियान चलाया था।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं
हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने कहा कि आयोग चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों के अनुसार मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों पर हेल्प डेस्क, स्पष्ट संकेतक, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। ऐसे मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतारों की व्यवस्था की गई है ताकि वे आसानी से मतदान कर सकें।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम
जिन मतदान केंद्रों पर अधिक भीड़ की संभावना है वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कतारों के सुचारु संचालन के लिए एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवकों की सहायता भी ली जा रही है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: सोनीपत में मतदान जारी, शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट
May 10, 2026 10:55 am
![]()
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: नगर निगम चुनाव के लिए रविवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी, जिसके बाद मेयर और 22 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। नगर निगम चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। शहर के विभिन्न बूथों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों में कुल 2 लाख 96 हजार 45 मतदाता मेयर एवं पार्षद पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव के लिए कुल 264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के साथ-साथ मतदाताओं की सुविधा के लिए भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस बार नगर निगम चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। भाजपा ने मेयर पद के लिए राजीव जैन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से कमल दिवान चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा कई वार्डों में आम आदमी पार्टी, इनेलो और निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं। चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुबह साढ़े 10 बजे तक 20 हजार 534 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का करीब 6.9 फीसदी रहा। भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने पत्नी पूर्व मंत्री कविता जैन के साथ बूथ नंबर 61 पर मतदान किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान ने पत्नी मेघा के साथ बूथ नंबर 28 पर वोट डाला। इसके अलावा विधायक निखिल मदान ने बूथ नंबर 223 पर पहुंचकर मतदान किया।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच बसई मेव पंचायत में शांतिपूर्ण मतदान जारी, डीएसपी हरदीप सिंह ने संभाली सुरक्षा की कमान
May 10, 2026 10:41 am
![]()
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: नूंह जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनाव को लेकर रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया जारी रही। फिरोजपुर झिरका खंड की ग्राम पंचायत बसई मेव में सरपंच पद के लिए मतदान कराया जा रहा है, जहां प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और ग्रामीणों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आया। ग्राम पंचायत बसई मेव में सरपंच पद के लिए इस बार चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पहले से ही पुख्ता तैयारियां कर ली थीं। मतदान केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पोलिंग पार्टियां शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया को संचालित कर रही हैं।6पंचायत चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि बसई मेव में तीन मतदान बूथ बनाए गए हैं और तीनों बूथों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा गांव के बाहर भी तीन स्थानों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और मतदाताओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। डीएसपी हरदीप सिंह ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए यहां 60 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में हुए पंचायत चुनाव में बसई मेव से हमीदपुर खन्ना सरपंच पद पर निर्वाचित हुए थे, लेकिन बाद में अरावली पहाड़ प्रकरण में नाम सामने आने के बाद प्रशासन द्वारा उन्हें पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद यह पद रिक्त चल रहा था, जिसके चलते अब दोबारा चुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा पिनंगवा खंड की डुंगेजा ग्राम पंचायत में पंच और सरपंच पद के लिए चुनाव हो रहा है। वहीं फिरोजपुर झिरका क्षेत्र की हिरवाड़ी, बावनखेड़ी, मोहम्मदबास, पोल, बाईखेड़ा और रनियाली सहित कई पंचायतों में पंच पद के लिए मतदान कराया जा रहा है। इनमें कई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं और महिला पंच पदों के लिए भी चुनाव प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: सीवन के गांव पोलड़ में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से जारी, सरपंच पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में
May 10, 2026 10:25 am
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: सीवन के गांव पोलड़ में पंचायत चुनाव को लेकर रविवार सुबह से ही मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। गांव में सरपंच पद के लिए पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि 11 वार्डों में से 10 वार्डों में पंच पद के लिए सर्वसम्मति बन चुकी है। केवल वार्ड नंबर 7 में पंच पद के लिए चुनाव कराया जा रहा है, जहां दो उम्मीदवार आमने-सामने हैं। मतदान को लेकर ग्रामीणों में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। चुनाव अधिकारी प्रीतम ने बताया कि वार्ड नंबर 7 में ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाया। मशीन करीब एक घंटे बाद चालू हो सकी, जिसके चलते पंच पद के लिए मतदान सुबह लगभग 9 बजे आरंभ हो पाया। तकनीकी समस्या दूर होने के बाद मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही। नोडल अधिकारी एवं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनुज ने बताया कि गांव में चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान प्रक्रिया पीबीएम मशीनों के माध्यम से करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद आज शाम को ही मतगणना की जाएगी तथा परिणाम भी देर शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: पंचकूला सेक्टर-10 स्थित कम्युनिटी सेंटर के बूथ नंबर 41 में मतदान में देरी
May 10, 2026 9:17 am
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: पंचकूला के सेक्टर-10 स्थित कम्युनिटी सेंटर के बूथ नंबर 41 में निर्धारित समय से मतदान शुरू नहीं हो पाया। मतदान के लिए लाइन पर लगे सामाजिक कार्यकर्ता सुदेश वशिष्ठ ने बताया कि उन्होंने जब इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी उसके बाद 8.30 बजे मतदान शुरू हो पाया।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
May 10, 2026 9:17 am
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और वेबकास्टिंग के जरिए निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की गई है।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: अंबाला में भी मतदान को लेकर उत्साह
May 10, 2026 9:17 am
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: अंबाला में सुबह आठ बजे निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। यहां भी शुरुआती घंटों में मतदान केंद्रों पर अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी सुबह-सुबह मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेते नजर आए। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: पंचकूला में सुबह से मतदान केंद्रों पर भीड़
May 10, 2026 9:17 am
Haryana Nikay Chunav 2026 Live: पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर हलचल तेज हो गई। सेक्टर-16 स्थित ब्लूबर्ड हाई स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदाता सुबह से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। युवा मतदाताओं के साथ-साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ मतदान करने पहुंचे। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि मतदाताओं की सुविधा के लिए बैठने और पेयजल जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।