Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

BMC Election Results LIVE: मुंबई में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बढ़त, लातूर नगर निगम में कांग्रेस आगे

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के लिए मतगणना के दौरान शिवसेना (यूबीटी) के सदस्य जश्न मनाते हुए। पीटीआई फोटो
Advertisement

BMC Election Results Live: मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के, 227 वार्ड में से 210 वार्ड के रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी शिवसेना चुनाव में आगे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन विभिन्न टीवी चैनल के अनुसार, मुंबई के 92 वार्ड में भाजपा आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 26 वार्ड में आगे है।

Advertisement

रुझानों के अनुसार, महायुति गठबंधन बीएमसी में सत्ता हासिल करने के लिए जरूरी 114 के बहुमत के आंकड़े को पार करने की स्थिति में है। विभिन्न टीवी चैनल ने बताया कि कांग्रेस ने अपने सहयोगी वंचित बहुजन आघाडी के साथ लातूर नगर निगम में सत्ता हासिल कर ली है। मतों की गिनती सुबह 10 बजे शुरू हुई।

Advertisement

करीब दो दशक बाद साथ आए ठाकरे चचेरे भाई मुंबई में सत्तारूढ़ गठबंधन से पीछे हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 60 वार्ड में और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) नौ सीटों पर आगे है।

टीवी चैनल ने बताया कि शिंदे के गढ़ ठाणे में उनकी पार्टी 131 में से 18 वार्ड में आगे है जबकि सहयोगी भाजपा 10 वार्ड में आगे है। पुणे में भाजपा ने राकांपा को काफी पीछे छोड़ दिया है। वह 43 सीट पर आगे है। इसके बाद कांग्रेस सात, राकांपा पांच और राकांपा (शरदचंद्र पवार) तीन सीट पर आगे हैं। पिंपरी चिंचवड में भाजपा 70 सीट पर आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 40 सीट पर आगे है।

पुणे और पिंपरी चिंचवड में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा है। ‘एग्जिट पोल' (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में बृहस्पतिवार को हुए 29 नगर निगमों के चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की भारी जीत का अनुमान जताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बीएमसी के चुनाव में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो 2017 में हुए 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का वार्षिक बजट 74,400 करोड़ रुपये से अधिक है।

यहां चार साल की देरी के बाद चुनाव कराए गए। चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम में उद्धव और राज ठाकरे पिछले महीने साथ आए, वहीं राकांपा के प्रतिद्वंद्वी धड़ों ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड में स्थानीय गठबंधन किया।

इन नगर निगमों के चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद कराए गए जबकि इनमें से अधिकतर के कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे। इनमें से नौ नगर निगम मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आते हैं।

जिन नगर निगमों में मतदान हुआ, उनमें मुंबई, छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिरज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी शामिल हैं।

पुणे और पिंपरी चिंचवड में भाजपा ने राकांपा-राकांपा(शप) को पछाड़ा

January 16, 2026 2:50 pm

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निगमों में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) के गठबंधन से आगे निकल गई है। पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में भाजपा कोल्हापुर, सातारा, सोलापुर और सांगली नगर निकायों में भी बढ़त बनाए हुए है। पुणे और पिंपरी चिंचवड में भाजपा का प्रदर्शन संकेत देता है कि ‘एकजुट' राकांपा गुटों की चुनौती को उसने प्रभावी रूप से कमजोर कर दिया है। भाजपा ने 2017 से 2022 तक पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निकायों में अकेले सत्ता संभाली थी। बाद में, आरक्षण मुद्दे को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा नगर निकाय चुनावों पर रोक लगाए के बाद हुई देरी के कारण इन निकायों का नियंत्रण प्रशासक के पास रहा। पुणे और पिंपरी चिंचवड में भाजपा अपने महायुति सहयोगियों-राकांपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना- से अलग स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस भी मैदान में हैं। ताजा रुझानों के अनुसार, पुणे में 165 में से 43 निकाय वार्ड में भाजपा आगे है। इसके बाद कांग्रेस सात सीट, राकांपा पांच पर और राकांपा (शप) तीन पर आगे है। भाजपा 128 सदस्यीय पिंपरी चिंचवड नगर निकाय में 70 सीट पर आगे है और राकांपा 40 वार्ड में आगे है। पुणे और पिंपरी चिंचवड में चुनाव प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री अजित पवार और भाजपा के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई। अजित पवार ने दोनों नगर निकायों के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर स्थानीय भाजपा नेतृत्व को निशाना बनाया था। भाजपा 102 सदस्यीय सोलापुर नगर निगम में 60 वार्ड में आगे है। 81 सदस्यीय कोल्हापुर नगर निकाय में महायुति के सहयोगी दल- भाजपा, शिवसेना और राकांपा- 25 सीट पर आगे हैं, जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी 21 वार्ड में आगे है। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद कराए गए जबकि इनमें से अधिकतर के कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे।

बीएमसी चुनाव: भाजपा की तेजस्वी घोसालकर, शिवसेना उम्मीदवार रेखा यादव विजयी

January 16, 2026 2:50 pm

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार तेजस्वी घोसालकर ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता एवं अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी धनश्री विलास कोलगे को हराकर जीत दर्ज की। शुक्रवार को घोषित आधिकारिक नतीजों में यह जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दहिसर की वार्ड संख्या दो से चुनाव लड़ रहीं घोसालकर को 16,484 वोट मिले, जबकि कोलगे को 5,729 वोट प्राप्त हुए। उनकी जीत का अंतर 10,755 वोट रहा। दहिसर के पश्चिमी उपनगर में वार्ड संख्या एक में शिवसेना की रेखा यादव को 7,544 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस की शीतल म्हात्रे को पराजित किया। म्हात्रे को 5,070 वोट मिले। यादव को करीब 2,500 वोट के अंतर से विजेता घोषित किया गया। मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के, 227 वार्ड में से 210 वार्ड के रुझानों के अनुसार भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन विभिन्न टीवी चैनल के अनुसार, मुंबई के 92 वार्ड में भाजपा आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 26 वार्ड में आगे है।

सभी की निगाहें बीएमसी के चुनाव परिणाम पर

January 16, 2026 10:23 am

महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हो गयी। इसमें बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की भारत के सबसे धनी नगर निकाय पर नियंत्रण के वास्ते फिर एक हुए ठाकरे बंधुओं के साथ प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इन नगर निकायों के 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ, जिनमें मुंबई की 227 सीटें शामिल हैं। इन 29 नगर निकायों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां 3.48 करोड़ पात्र मतदाता हैं। मतदान समाप्त होने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि 29 नगर निकायों में लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बृहन्मुंबई महानगपालिका चुनावों में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2017 में हुए पिछले चुनावों में 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है।

This Live Blog has Ended
Advertisement
×