Bihar Election Results LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव में मतगणना के शुक्रवार को प्रारंभिक रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुमत के आंकड़े 122 को पार कर 196 से अधिक सीट पर बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, शुरुआती रुझान में राजग 208 से अधिक विधानसभा सीट पर और ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन करीब 28 सीट पर आगे है। निर्णायक बढ़त के साथ ही एनडीए में जश्न शुरू हो गया है।
शुरुआती रुझान के अनुसार, ‘इंडिया' गठबंधन के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार एवं राजद नेता तेजस्वी यादव राघोपुर सीट पर पीछे चल रहे हैं। मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार ओसामा शहाब रघुनाथपुर सीट पर 725 मतों से आगे हैं और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विकास कुमार सिंह पीछे हैं।
भाजपा उम्मीदवार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर सीट पर 2,690 मतों से आगे हैं जबकि राजद के अरुण कुमार पीछे हैं। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय में आगे हैं। राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बेटे और जेजेडी संस्थापक तेज प्रताप यादव महुआ सीट पर चौथे स्थान पर हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह इस सीट पर सबसे आगे हैं।
जमुई सीट पर भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के मोहम्मद शमसाद आलम से 2,539 मतों से आगे हैं। अन्य प्रमुख प्रत्याशियों में चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर आगे हैं। अधिकारियों के अनुसार, राज्य की 243 विधानसभा सीटों की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई, जिसमें आयोग के मानकों के अनुरूप सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। ईवीएम की गिनती सुबह 8.30 बजे से शुरू हुई। दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को सम्पन्न हुए बिहार चुनावों को राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है।
बिहार चुनाव में पहली बार कहीं भी पुनर्मतदान की जरूरत नहीं पड़ी, ना ही कोई मौत हुई
November 14, 2025 2:26 pm
बिहार विधानसभा चुनाव के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि मतदान के दिन किसी की भी मौत नहीं हुई और किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान की जरूरत नहीं पड़ी। आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले विधानसभा चुनावों में राज्य में हिंसा हुई, कुछ मौतें भी हुईं और कई निर्वाचन क्षेत्रों में फिर से चुनाव भी कराने पड़े थे। आंकड़ों के अनुसार, 1985 के चुनावों में 63 मौतें हुई थीं और 156 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था। साल 1990 के चुनावों के दौरान, चुनाव संबंधी हिंसा में 87 लोग मारे गए थे। साल 1995 में, तत्कालीन मुख्य चुनाव आयुक्त टी एन शेषन ने अप्रत्याशित हिंसा और चुनावी कदाचार के कारण बिहार चुनावों को चार बार स्थगित करने का आदेश दिया था। आंकड़ों के अनुसार, 2005 में हिंसा और कदाचार के कारण 660 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हुआ था। बिहार में इस साल दो चरणों में विधानसभा चुनाव हुए और इसके लिए मतगणना जारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार और सीएलपी नेता शकील अहमद खान पीछे
November 14, 2025 1:45 pm
बिहार में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में करारा झटका लगते दिख रहा है और यहां तक कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार तथा विधायक दल (सीएलपी) के नेता शकील अहमद खान भी अपनी सीटों पर पीछे हैं। राजेश कुमार औरंगाबाद जिले की कुटुंबा और खान कटिहार जिले की कदवा विधानसभा सीट पर उम्मीदवार हैं। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुटुंबा सीट पर राजेश कुमार, हम (सेक्युलर) के उम्मीदवार ललन राम से 7,288 वोटों से पीछे थे। वहीं, कदवा में सीएलपी नेता शकील अहमद खान जद (यू) प्रत्याशी दुलाल चंद्र गोस्वामी से 23,785 मतों से पीछे थे। कांग्रेस इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में 61 सीटों पर मैदान में उतरी थी, जिनमें से केवल छह सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की बढ़त दर्ज करते दिखाई दे रही है। वर्तमान रुझानों के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार सुरेंद्र प्रसाद वाल्मीकिनगर, मोहम्मद कमरुल होदा किशनगंज, मनोहर प्रसाद सिंह मनिहारी, अमीता भूषण बेगूसराय, अनिल कुमार विक्रम और मंगल राम चेनारी सीटों से आगे थे।
बिहार चुनाव: लालू के बेटे तेज प्रताप महुआ विधानसभा सीट पर चौथे स्थान पर
November 14, 2025 1:44 pm
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर शुक्रवार अपराह्न डेढ़ बजे तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार 10वें दौर की मतगणना के बाद राजद (राष्ट्रीय जनता दल) सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे एवं जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप महुआ सीट पर चौथे स्थान पर हैं। अपने पिता द्वारा राजद से निष्कासित किये जाने के बाद हाल में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने वाले तेज प्रताप (9,557) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह से 24,984 मतों से पीछे हैं। लोजपा (रामविलास) के सिंह को 34,541 वोट मिले, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुकेश कुमार रौशन (19,998 वोट) दूसरे और एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के अमित कुमार (9,564 वोट) तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। तेज प्रताप को 25 मई को राजद से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने कथित तौर पर एक महिला के साथ ‘रिश्ते' में होने की बात कबूल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने यह दावा करते हुए सोशल मीडिया ‘पोस्ट' हटा दी थी कि उनका पेज ‘‘हैक'' हो गया था। लालू प्रसाद ने भी तेज प्रताप के ‘‘गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार'' के कारण उनसे नाता तोड़ लिया था।
लोगों का विश्वास जीतने में विफल रही जन सुराज, चुनावी नतीजों की समीक्षा होगी : पवन के. वर्मा
November 14, 2025 1:04 pm
जन सुराज पार्टी (जेएनपी) के प्रवक्ता पवन के. वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में जनता का विश्वास जीतने में क्यों विफल रही, इसकी वह गंभीरता से समीक्षा करेगी। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों और अब तक के रुझानों में चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की पार्टी कोई खास छाप छोड़ने में असफल नजर आ रही है जबकि चुनाव पूर्व उसने अपने संगठन को खड़ा करने के लिए जमीनी स्तर पर खासा प्रयास किया था। वर्मा की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करता दिख रहा है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा आंकड़ों के अनुसार, राजग 187 विधानसभा सीटों पर आगे है, जबकि विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन केवल 49 सीटों पर ही बढ़त हासिल कर सकी है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि किशोर की पार्टी खाता खोलने के लिए भी संघर्ष कर रही है जबकि चुनाव से पहले उसने बड़े-बड़े दावे किए थे। वर्मा ने पीटीआई वीडियो से बातचीत में कहा कि जन सुराज ‘ईमानदारी और दृढ़ विश्वास' के साथ चुनाव में उतरी थी लेकिन वह मतदाताओं का विश्वास जीतने में विफल रही। उन्होंने कहा, ‘‘हमने पूरी ईमानदारी के साथ काम किया, इस विश्वास के साथ कि बिहार को मौलिक परिवर्तन की आवश्यकता है। प्रयास में कोई कमी नहीं थी। लेकिन अगर हमने लोगों का विश्वास नहीं जीता है, तो हम इसका विश्लेषण करेंगे और इस पर विचार करेंगे।'' वर्मा ने जोर देकर कहा कि पार्टी भले ही इस चुनाव में ‘लड़खड़ा' गई लेकिन वह मुख्यधारा के दलों को जनता के मुद्दों पर सोचने के लिए मजबूर करने में सफल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘एक बात हमें संतोष देती है कि रोजगार, पलायन, शिक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार का जन सुराज का एजेंडा अब हर पार्टी के एजेंडे का हिस्सा होगा।'' राजग के प्रदर्शन के बारे में वर्मा ने कहा कि चुनाव परिणाम अक्सर पूर्वानुमानों को खारिज कर देते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कई चुनाव देखे हैं जहां परिणाम प्रत्याशित से अलग होते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि नीतीश जी को बिहार में स्वीकार्यता और सम्मान प्राप्त है। मैंने उनके साथ मिलकर काम किया है और हमें खुशी है कि उन्हें लोगों का जनादेश मिला है। हम उनके अच्छे होने की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।'' यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी अपने निराशाजनक प्रदर्शन पर आत्ममंथन करेगी, वर्मा ने कहा कि जन सुराज अपनी कमियों की समीक्षा करेगा, भले ही उसके ‘विजन' और प्रयासों में कोई खामी नहीं रही। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई शक नहीं कि नतीजे निराशाजनक हैं। अब हम विश्लेषण करेंगे कि आगे क्या करने की जरूरत है।'' चुनावी झटके के बाद प्रशांत किशोर के बिहार छोड़ने की अटकलों को वर्मा ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘वह रहेंगे या जाएंगे यह उनका निजी फैसला है। लेकिन वह बिहार को नहीं छोड़ सकते हैं और न ही बिहार उन्हें छोड़ सकता है। एक बार पूरे परिणाम आने के बाद, वह भविष्य की रणनीति पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करेंगे।''
तेजस्वी यादव फिर पीछे
November 14, 2025 1:00 pm
बिहार की राघोपुर सीट पर कांटे की टक्कर, राजद के तेजस्वी यादव फिर पभाजपा उम्मीदवार सतीश कुमार से 343 मतों से पीछे हुए।
कांटे की टक्कर में अब आगे हुए तेजस्वी
November 14, 2025 12:51 pm
बिहार की राघोपुर सीट पर कांटे की टक्कर, राजद के तेजस्वी यादव भाजपा उम्मीदवार सतीश कुमार से 219 मतों से आगे।
राघोपुर में तेजस्वी, छपरा में खेसारी लाल और महुआ में तेज प्रताप पीछे; अलीनगर में मैथिली ठाकुर आगे
November 14, 2025 12:47 pm
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती चरणों में कई प्रमुख सीटों पर दिलचस्प रुझान सामने आ रहे हैं। सबसे दिलचस्प रुझान राघोपुर सीट से आ रहा है जहां राजद नेता और ‘इंडिया' गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव राघोपुर सीट पर तीसरे दौर की मतगणना के अनुसार भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार से 1,273 मतों से पीछे बने हुए हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। तेजस्वी के भाई और राजद से अलग होकर जनशक्ति जनता दल बनाने वाले तेज प्रताप यादव महुआ विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के चौथे चरण में चौथे स्थान पर हैं। इस सीट पर भाजपा के संजय कुमार सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार मुकेश कुमार रौशन से 4,000 से अधिक मतों से पिछड़ रहे हैं। आयोग के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार और लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर विधानसभा सीट पर चौथे चरण की मतगणना में राजद प्रत्याशी बिनोद मिश्रा से 4,500 मत से आगे हैं। उधर, छपरा विधानसभा क्षेत्र में गायक से नेता बने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के खेसारी लाल यादव दूसरे दौर की गणना में भाजपा उम्मीदवार छोटी कुमारी से 1,600 से अधिक मतों से पिछड़ते दिखे। बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है।
बिहार में वाम दल नौ विधानसभा सीट पर आगे
November 14, 2025 12:42 pm
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना में वाम दल नौ विधानसभा सीट पर आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी थी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले) लिबरेशन सात सीट पर आगे है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) दो सीट पर आगे है। भाकपा (माले) लिबरेशन के उम्मीदवार दरौंदा, पालीगंज, आरा, डुमरांव, काराकाट, अरवल और घोसी सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरी ओर, माकपा हायाघाट और विभूतिपुर सीट पर आगे है। राज्य की 243 विधानसभा सीट में से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधान 190 से अधिक सीट पर आगे है, जबकि ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन केवल 49 सीट पर आगे है। दोनों वामपंथी दल ‘इंडिया' गठबंधन के घटक हैं।
बिहार में एआईएमआईएम तीन सीट पर आगे
November 14, 2025 12:42 pm
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन' (एआईएमआईएम) तीन सीट बढ़त पर बनाए हुए है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। एआईएमआईएम के मोहम्मद सरवर आलम कोचाधामन में 11,156 मतों से, अमौर में अख्तरुल ईमान 14,262 मतों से और बायसी में गुलाम सरवर 5,756 मतों से आगे हैं। ये सभी सीट सीमांचल क्षेत्र में हैं, जहां मुस्लिम आबादी अच्छी-खासी है। निर्वाचन आयोग के दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राजग 243 सीट में से 186 सीट पर आगे था जबकि महागठबंधन लगभग 46 सीट पर ही बढ़त बनाए हुए था। एआईएमआईएम ने किसी भी गठबंधन में शामिल हुए बिना, स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा। अभी कई दौर की मतगणना बाकी है इसलिए संख्या में बदलाव की संभावना है।
रुझानों में राजग को निर्णायक बढ़त के साथ ही जद(यू) मुख्यालय में जश्न की शुरुआत
November 14, 2025 12:40 pm
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने निर्णायक बढ़त हासिल करने के साथ ही यहां जनता दल (यूनाईटेड) मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और ढोल बजाकर जश्न की शुरुआत कर दी। शुरुआती दौर में अपने-अपने मोबाइल फोन से चिपके पार्टी कार्यकर्ताओं को जैसे ही निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में राजग को निर्णायक बढ़त मिलते दिखी, वैसे ही पार्टी कार्यालय में उत्सव का माहौल बन गया। निर्वाचन आयोग के दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राजग 243 सीट में से 186 सीट पर आगे था जबकि महागठबंधन लगभग 46 सीट पर ही बढ़त बनाए हुए था। राजग को करीब दो तिहाई से भी बड़े बहुमत की ओर बढ़ते देख जद(यू) कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाने शुरु कर दिए और आतिशबाजी की। कुछ कार्यकर्ताओं ने हाथ में नीतीश कुमार का एक बड़ा पोस्टर ले रखा था तो कई सारे कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी का झंडा था। एक उत्साहित कार्यकर्ता ने एक हिंदी समाचार चैनल से बातचीत में कहा, ‘‘नीतीश जी की पांचवी जीत तय है'... बस औपचारिकताएं बाकी हैं!'' पार्टी कार्यालय के बाहर बनाए गए एक अस्थाई तिरपाल में पार्टी के कुछ बुजुर्ग कार्यकर्ता बैठे थे और वे भी ढोल-नगाड़ों की धुन पर डांस करते नजर आ रहे थे। नालंदा के एक बूथ कार्यकर्ता रमेश यादव ने कहा, ‘‘2005 में आज तक... लोगों ने देखा है कौन सरकार चला रहा है और कौन सिर्फ हवा बनाता है, शोर मचाता है।'' यादव ने दावा किया कि नीतीश की पहली जीत के बाद से जद(यू) की हर चुनावी जीत के उत्सव में वह शामिल हुए हैं। इस जश्न के दौरान कुछ युवाओं के एक समूह ने जद(यू) के चुनाव चिह्न हरे रंग के थर्मोकोल से बने ‘तीर' के साथ मार्च किया और इसे दौरान उन्होंने ‘तीर चलेगा, बिहार आगे बढ़ेगा' के नारे लगाए। पार्टी कार्याल्य में कुछ कार्यकर्ता जलेबी और लड्डू भी बांटते नजर आए।
‘राजनीतिक अपरिपक्वता और हताशा का खतरनाक मेल घातक बनता जा रहा है': अशोक चौधरी
November 14, 2025 10:26 am
जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन पर परोक्ष निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बिहार की राजनीति “अपरिपक्वता और हताशा के खतरनाक मेल” की ओर बढ़ रही है, जो अब “घातक” होता जा रहा है। चौधरी की यह टिप्पणी उस समय आई जब बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विपक्षी महागठबंधन से आगे दिखाई दे रहा है। चौधरी ने यहां ‘पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि कुछ नेता “बार–बार रीसेट करने और बिना पर्याप्त दूरदृष्टि अथवा वैचारिक आधार के नीतियां लाने” की प्रवृत्ति दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा, “राजग दो-तिहाई बहुमत से जीत रहा है। हम जीत में भी विनम्र रहना जानते हैं। लेकिन कुछ नेता न तो परिपक्वता दिखाते हैं, न स्थिरता। यही चिंता का विषय है।'' यह टिप्पणी उन्होंने परोक्ष रूप से पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की ओर निशाना साधते हुए की। जदयू नेता ने दावा किया कि हर कीमत पर सत्ता हथियाने की हड़बड़ी में संस्थागत मानदंडों और लोकतांत्रिक आचरण पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “अपरिपक्वता और हताशा का यह संयोजन किसी तरह से घातक बन जाता है; यह लोकतंत्र के लिए स्वस्थ नहीं है।” सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस तरह की आशंका जताई है कि कुछ करीबी मुकाबलों में जिला निर्वाचन अधिकारी चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सकते हैं। चौधरी ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा, ‘‘कोई अधिकारी किसी को जितवा या हरवा नहीं सकता। निर्वाचन आयोग की एक मजबूत प्रणाली है। कोई अपनी गर्दन फंसाएगा नहीं।” चौधरी ने कहा, “जिलाधिकारी या निर्वाचन अधिकारी के पास कुछ अधिकार जरूर होते हैं, लेकिन कोई भी किसी के लिए अपने करियर को जोखिम में नहीं डालेगा, अपनी गर्दन नहीं कटवाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान ऐसे ही ‘धारणाओं' का इस्तेमाल जनमत को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। चौधरी ने कहा, “आखिरकार लोकतंत्र हताशा के आगे नहीं झुकता। संस्थाएं अब भी मजबूत हैं। जमीन की हकीकत आज भी जनता के हाथ में है।”
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पीछे
November 14, 2025 10:05 am
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अमरेश कुमार से 79 वोट से पीछे।
दिल्ली भाजपा कार्यालय में बन रहा सत्तू का पराठा
November 14, 2025 8:14 am
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली भाजपा मुख्यालय में सुबह से सरगर्मी है। भाजपा मुख्यालय में सत्तू का पराठा और जलेबी बनाई जा रही है।
एग्जिट पोल बता रहे एनडीए को आगे, तेजस्वी ने किया अनुमानों को खारिज
November 14, 2025 6:54 am
लगभग सभी एग्जिट पोल ने जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा के गठबंधन राजग की बड़ी जीत का अनुमान लगाया है। तेजस्वी यादव ने इन अनुमानों को खारिज करते हुए कहा है कि महागठबंधन “बड़ी बहुमत” से सरकार बनाएगा।
एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन के बीच चुनावी फाइट
November 14, 2025 6:54 am
एनडीए में जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) शामिल हैं। वहीं, इंडिया ब्लाक वाले महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) शामिल हैं।
कड़ी निगरानी में पूरा होगा परिणाम प्रक्रिया
November 14, 2025 6:44 am
कुल 243 विधानसभा क्षेत्रों की गिनती 243 रिटर्निंग अधिकारियों और 243 पर्यवेक्षकों की देखरेख में होगी। उम्मीदवार तथा उनके एजेंट भी पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहेंगे।
पटना में स्कूल बंद
November 14, 2025 6:44 am
मतगणना व्यवस्था को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। मतगणना केंद्रों के आसपास विशेष यातायात और सुरक्षा प्रबंध भी किए गए हैं।
CAPF और बिहार पुलिस की संयुक्त सुरक्षा तैनाती
November 14, 2025 6:44 am
शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की टुकड़ियां बिहार पुलिस के जवान पूरे राज्य में तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, राज्य के बाहर से भेजी गई 106 अतिरिक्त कंपनियों को भी सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। मतदान में प्रयुक्त ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को दोहरी लॉक वाली स्ट्रांग रूम प्रणाली में रखा गया है, जिनकी 24×7 सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
38 जिलों के 46 मतगणना केंद्रों पर कड़े प्रबंध
November 14, 2025 6:44 am
राज्य के 38 जिलों में बनाए गए 46 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। मतगणना में कुल 4,372 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइज़र, एक गणना सहायक और एक सूक्ष्म पर्यवेक्षक तैनात रहेगा। विभिन्न दलों द्वारा नियुक्त 18,000 से अधिक एजेंट भी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
डाक मतपत्रों की गिनती सबसे पहले
November 14, 2025 6:42 am
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सबसे पहले डाक मतपत्रों (Postal Ballots) की गिनती शुरू होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम खोलकर गिनती शुरू की जाएगी। आयोग ने सभी जिलों के अधिकारियों को मतगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश जारी किए हैं।