Farmers Protest Live: भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू-राजेवाल) के प्रदर्शन के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में किसान चंडीगढ़ पहुंचे, जिसके चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारी सेक्टर-34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में एकत्र हुए, जबकि रास्ते में कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सबसे अधिक असर सेक्टर-42 जंक्शन (अटावा चौक), सेक्टर-35/43 डिवाइडिंग रोड और सेक्टर-44 जंक्शन पर देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर मैन्युअल तरीके से यातायात नियंत्रित करते रहे, ताकि जाम को कम किया जा सके।
प्रदर्शन आगे बढ़ने के साथ ही सेक्टर-43 बस स्टैंड (इनर रोड) और सेक्टर-35/34 जंक्शन पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
स्कूल बसों को भी जाम से बचाने के लिए सेक्टर-32 की ओर से निकाला गया। वहीं, चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सेक्टर-34 एग्जीबिशन ग्राउंड पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बीकेयू (राजेवाल) के प्रतिनिधि सेक्टर-43 मार्ग से पुलिस की निगरानी में शहर में प्रवेश किए। प्रदर्शनकारियों के वाहनों को रास्ता देने के लिए हिमालय मार्ग से सेक्टर-35 मार्केट जाने वाली सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे उस क्षेत्र में यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह रोकना पड़ा।
किसानों के प्रदर्शन के कारण शहर के कई हिस्सों में सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट की जानकारी लेकर ही घर से निकलें।
इससे पहले भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी।
इन मार्गों पर रहा ट्रैफिक प्रभावित
- सेक्टर 51/52 लाइट प्वाइंट से ISBT सेक्टर-43 चौक तक।
- साउथ एंड चौक (सेक्टर 34/35-43/44) से पिकाडिली चौक (सेक्टर 21/22-34/35) तक, जिसमें अरोमा लाइट प्वाइंट भी शामिल है।
- पिकाडिली चौक से सेक्टर 20/21-33/34 जंक्शन तक दक्षिण मार्ग पर, जिसमें किसान भवन चौक और सेक्टर 20/30-32/33 जंक्शन शामिल हैं।
- सेक्टर 20/21-33/34 जंक्शन से गौशाला चौक होते हुए मोहाली बैरियर तक सरोवर पथ पर भी यातायात प्रभावित रहेगा। इस मार्ग में सेक्टर 20/21 लाइट प्वाइंट और सेक्टर 45/46-49/50 जंक्शन भी शामिल हैं।
चंडीगढ़ में किसानों के प्रदर्शन के चलते फिर जाम में फंसे लोग
July 13, 2026 12:58 pm
चंडीगढ़ में एक बार फिर लोग घंटों जाम में फंसे रहे। किसानों का प्रदर्शन था और दोपहर को मोहाली से होते हुए किसानों की रैली चंडीगढ़ पहुंची जहां घंटों जाम में लोग फंसे रहे 2 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। स्कूलों से छुट्टी का समय होने के कारण अभिभावक अपने बच्चों के साथ इस जाम में फंसे रहे। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की ओर से पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई थी सेक्टर 34, सेक्टर 44 से सेक्टर 20 की तरफ जाने वाली सड़कों पर सबसे अधिक जाम देखने को मिला।
स्कूल के समय में बदलाव
July 13, 2026 10:48 am
ट्रैफिक प्रतिबंधों को देखते हुए सेंट स्टीफंस स्कूल ने सोमवार को अपने समय में बदलाव किया है। स्कूल प्रशासन ने घोषणा की है कि विद्यालय दोपहर 12 बजे बंद कर दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को ट्रैफिक जाम से होने वाली परेशानी से बचाया जा सके।
पुलिस की अपील
July 13, 2026 10:48 am
चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें। प्रदर्शन के दौरान आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं।